टीचर ने बहन को डांटा तो बदला लेने पहुंचा भाई, स्कूल में की अंधाधुंध फायरिंग; थाईलैंड में खौफनाक कांड

थाईलैंड के सोंगखला प्रांत से दिल दहला देने वारदात सामने आई है. जहां एक युवक की गोलीबारी में 3 लोग घायल हो गए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, 18 साल के युवक ने एक स्कूल में एम-4 गन से अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 3 घायल बताए जा रहे हैं.

Thailand school shooting 3 injured Songkhla school attack vedio
Image Source: Social Media

बैंकॉक: थाईलैंड के सोंगखला प्रांत से दिल दहला देने वारदात सामने आई है. जहां एक युवक की गोलीबारी में 3 लोग घायल हो गए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, 18 साल के युवक ने एक स्कूल में एम-4 गन से अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 3 घायल बताए जा रहे हैं. इस सनसनीखेज वारदात के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. वीडियो में अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है. चारों ओर चीख-पुकार मची हुई है और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं. 

क्या है पूरा मामला? 

बताया जा रहा है कि किसी टीचर ने कुछ दिन पहले स्कूल में उसकी बहन को डांटा था. टीचर की इसी फटकार का बदला लेने के लिए युवक ने इतना बड़ा कांड कर दिया. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. जिस स्कूल में यह वारदात हुई, उसे सीज कर दिया गया है और उस पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया है. 

बच्चों और शिक्षकों को बनाया बंधक

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने फायरिंग के बाद कई स्टूडेंट्स और टीचर्स को बंधक बना लिया. स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड ने भागकर अपनी जान बचाई. उसने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल को भी गोली मारी थी. उसने कहा कि, “गोली मेरे पेट को छूकर निकल गई, लेकिन मैं बच गया. स्कूल निदेशक को गोली लगी है. 

पुलिस ने गोलीबारी करने वाले युवक को पकड़ लिया है. साथ ही बंधक बनाए गए सभी लोगों को मुक्त करा दिया है. फिलहाल स्पेशल फोर्स और प्रशासन बचाव कार्य में जुट गया है. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. 

पहले भी हो चुकी है वारदात

थाईलैंड में गन वॉयलेंस को नई बात नहीं है. इससे पहले साल 2022 में एक पूर्व पुलिस अफसर ने नर्सरी में बंदूक और चाकू से हमले किए थे. इसमें 22 बच्चों समेत 36 लोगों की मौत हुई थी. 

ये भी पढ़ें: भारत के साथ ट्रेड डील को लेकर अमेरिका ने किया बड़ा ऐलान, लिस्ट से हटाई गई दाल; किसानों को मिलेगा फायदा