Weather: फिर बढ़ने वाली है ठंड, 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज! बारिश-बर्फबारी का रेड अलर्ट जारी

अगर आपको लग रहा है कि फरवरी आते ही ठंड कम होने लगी है, तो अभी सावधान रहने की जरूरत है. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है.

Red alert for rain and snowfall The cold is going to increase again
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Weather: अगर आपको लग रहा है कि फरवरी आते ही ठंड कम होने लगी है, तो अभी सावधान रहने की जरूरत है. मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. कुछ जगहों पर रेड अलर्ट भी जारी किया गया है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंडी हवाएं चल सकती हैं. सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक देखने को मिल सकता है. लोगों को सतर्क रहने और एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.

उत्तर भारत में फिर बढ़ सकती है ठंड

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. उत्तराखंड में घने कोहरे के साथ कुछ जगहों पर पाला पड़ने की आशंका जताई गई है. हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ सकती है.

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा छाने का अनुमान है, जिससे दृश्यता कम रह सकती है और यातायात प्रभावित हो सकता है.

दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली-NCR में धुंध छाए रहने की संभावना है. न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. मौसम ज्यादातर साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन हवा की रफ्तार कम रहने और नमी बढ़ने से प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है. ऐसे में सांस से जुड़ी परेशानी वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.

यूपी, बिहार और राजस्थान में बदलेगा मिजाज

उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है और 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

बिहार में अगले तीन दिन तक घना कोहरा रहने का अनुमान है. दिन में धूप निकलने से तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी रह सकती है.

राजस्थान के कुछ इलाकों में भी मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं.

क्या फिर बढ़ेगी ठंड?

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है. बारिश और बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड का असर दोबारा बढ़ सकता है. खासतौर पर उत्तर भारत और पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड ज्यादा महसूस की जा सकती है.

ये भी पढ़ें- Rashifal: मिथुन, तुला समेत इन राशि वालों की खुलेगी किस्मत, होगा धन लाभ! पढ़ें अपना आज का राशिफल