Tesla Roadster Launch: Tesla की बहुप्रतीक्षित नई जनरेशन Roadster को लेकर आखिरकार बड़ा अपडेट सामने आया है. करीब नौ साल से इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का इंतजार कर रहे लोगों के लिए कंपनी ने अब लॉन्च इवेंट की तारीख सामने रख दी है. Tesla 1 अक्टूबर 2026 को नई Roadster से पर्दा उठाने जा रही है. कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘Go for launch’ कैप्शन के साथ एक टीजर पोस्ट किया है, जिसमें 10.01 की तारीख दिखाई गई है.
2017 में दिखी थी पहली झलक
नई Roadster की कहानी करीब नौ साल पुरानी है. Tesla ने दूसरी जनरेशन की इस कार को नवंबर 2017 में पहली बार पेश किया था. उस वक्त कंपनी ने इसे हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार के तौर पर दुनिया के सामने रखा था और 2020 तक इसकी डिलीवरी शुरू करने की योजना बताई थी. हालांकि, तय समय पर कार बाजार में नहीं आ सकी और इसके लॉन्च में लगातार देरी होती रही. अब कंपनी ने आखिरकार 1 अक्टूबर की तारीख तय कर दी है.
एक चार्ज में करीब 1,000KM की रेंज
Roadster को पहली बार पेश करते समय Tesla ने एक बार चार्ज करने पर 620 मील से ज्यादा की ड्राइविंग रेंज का दावा किया था. यह करीब 998 किलोमीटर के बराबर बैठती है. फिलहाल Tesla की वेबसाइट पर Roadster के लिए करीब 1,000 किलोमीटर की रेंज दिखाई गई है. हालांकि, 1 अक्टूबर को सामने आने वाले प्रोडक्शन मॉडल के फाइनल आंकड़े अभी स्पष्ट नहीं हैं. ऐसे में बैटरी, रेंज और दूसरे स्पेसिफिकेशन को लेकर कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा.
रफ्तार के मामले में भी होगी खास
Tesla Roadster की सबसे बड़ी खासियतों में इसकी जबरदस्त स्पीड भी शामिल है. कंपनी ने 2017 में दावा किया था कि कार महज 1.9 सेकंड में 0 से 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. उस समय इसकी टॉप स्पीड 250 मील प्रति घंटे से ज्यादा बताई गई थी. Tesla की मौजूदा वेबसाइट पर 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 2.1 सेकंड और टॉप स्पीड 400 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई गई है.
टीजर में दिखा रहस्यमयी फीचर
नई Roadster के टीजर ने कार की तकनीक को लेकर भी उत्सुकता बढ़ा दी है. टीजर में कार के पिछले हिस्से से गैस निकलती हुई नजर आती है. इसे Tesla और SpaceX से जुड़ी cold-gas thruster तकनीक की ओर इशारा माना जा रहा है. Elon Musk पहले भी Roadster के एक खास वर्जन में इस तरह की तकनीक इस्तेमाल करने की बात कर चुके हैं. हालांकि, यह फीचर सामान्य Roadster का हिस्सा होगा या किसी विशेष वर्जन में मिलेगा, इसकी पुष्टि अभी Tesla ने नहीं की है.
अब 1 अक्टूबर पर टिकी निगाहें
करीब नौ साल के लंबे इंतजार के बाद Tesla Roadster की नई जनरेशन अब एक बार फिर सुर्खियों में है. कंपनी ने तारीख तो बता दी है, लेकिन कार के अंतिम डिजाइन, परफॉर्मेंस, रेंज, कीमत और खास तकनीकों से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी बाकी हैं. इन जानकारियों पर से पर्दा 1 अक्टूबर को ही पूरी तरह उठने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- Renault Duster पर बंपर ऑफर! सितंबर में ₹1.8 लाख तक की बचत का मौका, 7-सीटर पर भी भारी डिस्काउंट