Iran America Conflict: अरब सागर में अमेरिकी नौसेना ने एक ईरानी ड्रोन को मार गिराया, जो एक अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर की दिशा में बढ़ रहा था. रॉयटर्स के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ड्रोन को संभावित खतरे के रूप में देखा गया, जिसके बाद उसे इंटरसेप्ट किया गया. यह घटना ऐसे वक्त सामने आई है जब इसी हफ्ते तुर्की में अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत प्रस्तावित है.
रिपोर्ट के अनुसार, गिराया गया ड्रोन ईरान का शहीद-139 था. अमेरिकी वायुसेना के F-35 फाइटर जेट ने हवा में ही इसे निशाना बनाया. इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. फिलहाल ईरान की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
US Navy confirms it shot down an Iranian UAV that approached the USS Abraham Lincoln CSG pic.twitter.com/Rri2QGBHkO
— Globe Sentinel (@GlobeSentinels) February 3, 2026
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में टैंकर को रोकने की कोशिश
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में बताया गया कि मंगलवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ईरानी हथियारबंद नौकाओं ने एक अमेरिकी झंडे वाले ऑयल टैंकर को रोकने की कोशिश की. एक ईरानी समाचार एजेंसी ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा कि जैसे ही टैंकर इस रणनीतिक जलमार्ग में दाखिल हुआ, उस पर दबाव बनाया गया.
गनबोट्स से घेरने की कोशिश
समुद्री सुरक्षा एजेंसी वैनगार्ड टेक के अनुसार, 50-कैलिबर मशीन गनों से लैस ईरान की छह गनबोट्स टैंकर के करीब पहुंचीं और उसे इंजन बंद कर बोर्डिंग के लिए तैयार रहने को कहा गया. स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई थी.
अमेरिकी युद्धपोत ने दी सुरक्षा
हालांकि टैंकर ने रफ्तार बढ़ाकर खुद को वहां से निकाल लिया और बाद में एक अमेरिकी युद्धपोत ने उसे सुरक्षा प्रदान की. इसके बाद टैंकर सुरक्षित अपने मार्ग पर आगे बढ़ सका.
ब्रिटिश एजेंसी ने भी की घटना की पुष्टि
इससे पहले ब्रिटेन की UK Maritime Trade Operations एजेंसी ने भी जानकारी दी थी कि ओमान से लगभग 16 नॉटिकल मील उत्तर, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के इनबाउंड ट्रैफिक जोन में एक जहाज से जुड़ी एक संदिग्ध घटना की सूचना मिली थी.
ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ड्रैगन की एंट्री, अरब सागर में दिखा चीन का ये जहाज; USS लिंकन पर खतरा!