IND vs SA: दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेले गए मुकाबले में भारत को 76 रनों से हराकर सभी को चौंका दिया. घरेलू मैदान, अपने दर्शकों का समर्थन और अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम इंडिया मैच अपने नाम नहीं कर सकी. पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 187 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 111 रन पर ही ढेर हो गई और पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई.
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. पावरप्ले के अंदर ही टीम ने 31 रन पर 3 विकेट गंवा दिए. अभिषेक शर्मा से इस मैच में उम्मीद थी, लेकिन वह अच्छी लय में नजर नहीं आए और 12 गेंद में सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और जल्दी पवेलियन लौट गए.
Redemption for Keshav Maharaj in Ahmedabad 🥹#T20WorldCup broadcast details 👉 https://t.co/NPykWM7qqY pic.twitter.com/bNiWnLc5VF
— ICC (@ICC) February 22, 2026
मिडिल ऑर्डर भी रहा फेल
मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव ने कुछ समय तक पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी लंबी पारी नहीं खेल पाए. हार्दिक पांड्या ने 18 रन बनाए, लेकिन वह भी टीम को संभालने में सफल नहीं हो सके. टीम का स्कोर 88 तक पहुंचते-पहुंचते 8 विकेट गिर चुके थे, जिससे मैच पूरी तरह भारत के हाथ से निकल गया. वॉशिंगटन सुंदर ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन वह भी सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए.
शिवम दुबे ने दिखाई लड़ाई
इस मुश्किल समय में शिवम दुबे अकेले ऐसे बल्लेबाज रहे, जिन्होंने संघर्ष किया. उन्होंने 37 गेंदों में 42 रन बनाए और आखिरी तक टिके रहे. लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई खास समर्थन नहीं मिला. आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रिंकू सिंह भी खाता नहीं खोल सके, जिससे टीम की स्थिति और खराब हो गई.
दक्षिण अफ्रीका की शानदार वापसी
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी. टीम ने 20 रन तक पहुंचते-पहुंचते 3 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने मिलकर पारी को संभाल लिया.
डेविड मिलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे. वहीं ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए और ट्रिस्टन स्टब्स 44 रन बनाकर नाबाद लौटे. इन तीनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत टीम ने 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
गेंदबाज नहीं रोक पाए रन
भारतीय गेंदबाज इन बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे. शुरुआत में विकेट मिलने के बावजूद टीम उस लय को बनाए नहीं रख सकी, जिसका फायदा दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने उठाया. अंत में यही रन भारत के लिए बड़ा लक्ष्य साबित हुआ और टीम को करारी हार झेलनी पड़ी.
ये भी पढ़ें- किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ के बाद तीसरे आतंकी का जला हुआ शव मिला