इस मामले में टीम इंडिया का है जलवा, T20 विश्व कप खिताब का ऐसे ही नहीं माना जा रहा नंबर-1 दावेदार

T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में T20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जा रहा है. यह टूर्नामेंट कई मायनों में खास है क्योंकि अपने पिछले नौ संस्करणों से अलग, इस बार पहली बार 20 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतर रही हैं.

Team India not just that it is being considered the number-1 rightful owner of the T20 World Cup
Image Source: ANI

T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में T20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जा रहा है. यह टूर्नामेंट कई मायनों में खास है क्योंकि अपने पिछले नौ संस्करणों से अलग, इस बार पहली बार 20 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतर रही हैं. टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक ऐसा कभी नहीं हुआ कि किसी मेजबान देश ने T20 वर्ल्ड कप जीता हो. 

यही नहीं, कोई भी डिफेंडिंग चैंपियन अपने खिताब को दोबारा बरकरार रखने में सफल नहीं रहा है. इस लिहाज से देखा जाए तो भारत के सामने दोहरी चुनौती है, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया को इस बार खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. वजह है सीमित ओवरों के क्रिकेट में उसका जबरदस्त दमखम, खासतौर पर छक्के लगाने की क्षमता.

T20 क्रिकेट में भारत की ताकत क्यों सबसे अलग

T20 फॉर्मेट का मूल मंत्र तेज रन बनाना और बड़े शॉट्स लगाना है. कौन सी टीम सबसे ज्यादा 200 से ऊपर का स्कोर बनाती है, किसका रन रेट बेहतर है और किसके बल्लेबाज एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के उड़ा रहे हैं, इन सभी पैमानों पर भारत बाकी टीमों से आगे नजर आता है. अक्टूबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच के आंकड़ों को देखें तो साफ पता चलता है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने वाली टीमों के बीच भारत की बैटिंग पावर सबसे मजबूत रही है.

200 प्लस स्कोर और रन रेट में भारत की बढ़त

अक्टूबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच भारत ने सबसे ज्यादा बार 200 से ऊपर का स्कोर खड़ा किया है. इस दौरान टीम इंडिया ने 20 मौकों पर 200 से ज्यादा रन बनाए और उसका औसत रन रेट 9.69 रहा. ये दोनों आंकड़े यह दिखाते हैं कि बड़े स्कोर बनाने और तेज रफ्तार से रन जुटाने में भारत ने बाकी सभी टीमों को पीछे छोड़ा है.

छक्कों की बारिश में भी टीम इंडिया सबसे आगे

बड़े स्कोर यूं ही नहीं बनते, इसके पीछे बल्लेबाजों के बड़े शॉट्स और आक्रामक अंदाज का बड़ा रोल होता है. अक्टूबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की संख्या के मामले में भारत टॉप पर है. इस दौरान भारत के 9 बल्लेबाजों ने यह कारनामा किया है. वहीं इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने मिलकर तीन-तीन बार ऐसा कर पाए हैं.

भारतीय बल्लेबाजों ने इस अवधि में कुल 9 बार एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं, जिनमें से अकेले 4 बार यह कमाल अभिषेक शर्मा ने किया है. उनके अलावा तिलक वर्मा और ईशान किशन ने दो-दो बार एक पारी में 10 या उससे अधिक छक्के जड़े हैं.

अभिषेक शर्मा बने नए जमाने के ‘सिक्सर किंग’

अभिषेक शर्मा को मौजूदा दौर का नया ‘सिक्सर किंग’ कहा जाने लगा है और इसके पीछे उनके आंकड़े खुद गवाही देते हैं. अक्टूबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच उन्होंने 201.3 की स्ट्राइक रेट से 249 छक्के लगाए हैं. यानी औसतन हर 6.78 गेंदों में उन्होंने एक सिक्स जड़ा है. T20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने वाले बल्लेबाजों के बीच उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा और प्रति गेंद सिक्स लगाने का अनुपात सबसे बेहतर रहा है.

खिताब की रेस में भारत क्यों सबसे आगे

20 टीमों के बीच भारतीय टीम ने जिस तरह अपनी बैटिंग पावर का असर छोड़ा है, उससे साफ है कि वह टूर्नामेंट जीतने की मजबूत दावेदार है. टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर के लगभग सभी बल्लेबाज अच्छे फॉर्म में नजर आ रहे हैं, खासकर अभिषेक शर्मा की फॉर्म विपक्षी टीमों के लिए खतरे की घंटी मानी जा रही है. ऐसे में अगर भारत इस बार T20 वर्ल्ड कप जीतकर मेजबान टीमों और डिफेंडिंग चैंपियंस से जुड़ा पुराना इतिहास बदल देता है, तो यह बिल्कुल भी चौंकाने वाली बात नहीं होगी.

ये भी पढ़ें- India-US Deal: टैरिफ में कटौती से Tata Motors और Eicher को हुआ जबरदस्त फायदा, जानें क्या है वजह?