टीम इंडिया ने किया 'बदला' पूरा, धर्मशाला में साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से दी मात, सीरीज में 2-1 की बनाई बढ़त

IND vs SA T20: धर्मशाला की ठंडी वादियों में टीम इंडिया ने ऐसा खेल दिखाया, जिसने साउथ अफ्रीका को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. दूसरे टी20 में मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम ने तीसरे मुकाबले में जबरदस्त वापसी करते हुए साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज़ में 7 विकेट से शिकस्त दी.

Team India defeated South Africa by 7 wickets in Dharamshala took 2-1 lead in the series
Image Source: Social Media

IND vs SA T20: धर्मशाला की ठंडी वादियों में टीम इंडिया ने ऐसा खेल दिखाया, जिसने साउथ अफ्रीका को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. दूसरे टी20 में मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम ने तीसरे मुकाबले में जबरदस्त वापसी करते हुए साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज़ में 7 विकेट से शिकस्त दी. पहले गेंदबाजों ने कहर बरपाया और फिर बल्लेबाजों ने बिना किसी दबाव के लक्ष्य हासिल कर लिया.

भारत ने साउथ अफ्रीका को महज 117 रन पर समेट दिया और फिर सिर्फ 15.5 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया. यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि टीम में जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल जैसे अहम खिलाड़ी शामिल नहीं थे.

गेंदबाजों ने रखा जीत का आधार

भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजी को जकड़ कर रखा. अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने नई गेंद से बेहतरीन शुरुआत दिलाई. अर्शदीप ने पहले ही ओवर में रीजा हेंड्रिक्स को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया. इसके बाद हर्षित राणा ने क्विंटन डिकॉक को सिर्फ 1 रन पर आउट कर बड़ा झटका दिया और डेवाल्ड ब्रेविस का विकेट भी अपने नाम किया.

मिडिल ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया. स्टब्स 9 रन और बॉश 4 रन ही बना सके. कप्तान एडेन मार्करम ने जरूर संघर्ष करते हुए 46 गेंदों में 61 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई साथ नहीं मिला.

मध्य ओवरों में वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया. वरुण ने 11 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं कुलदीप यादव ने भी 12 रन देकर 2 अहम विकेट निकाले. हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे को भी 1-1 सफलता मिली.

अभिषेक शर्मा की तूफानी शुरुआत

छोटे लक्ष्य के पीछा करते हुए भारत को अभिषेक शर्मा ने तेज रफ्तार दी. उन्होंने महज 18 गेंदों में 35 रन ठोक दिए, जिसमें 3 छक्के और 3 चौके शामिल थे. उनकी पारी ने साउथ अफ्रीका की बची-खुची उम्मीदें भी खत्म कर दीं.

शुभमन गिल ने 28 रन बनाए, हालांकि वह कई मौकों पर आउट होने से बचे और उनकी पारी ज्यादा प्रभावशाली नहीं रही. सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 12 रन बनाकर आउट हो गए. तिलक वर्मा ने नाबाद 25 रन बनाकर मैच को शांत तरीके से खत्म किया, जबकि शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद लौटे.

लखनऊ में होगा अगला मुकाबला

इस शानदार जीत के साथ भारत ने सीरीज में मजबूत वापसी की है. अब दोनों टीमें 17 दिसंबर को लखनऊ में आमने-सामने होंगी, जहां साउथ अफ्रीका बदला लेने की कोशिश करेगा और टीम इंडिया अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी.

यह भी पढे़ं- कौन है आतंकी नवीद अकरम, जिसने सिडनी में यहूदियों पर की फायरिंग? पाकिस्तान से निकला ये कनेक्शन