IND vs NAM: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का आत्मविश्वास हर मुकाबले के साथ और मजबूत होता दिख रहा है. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने नामीबिया के खिलाफ ऐसा संतुलित प्रदर्शन किया, जिसमें बल्लेबाजी की आक्रामकता और गेंदबाजी की धार दोनों साफ नजर आईं. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-ए के इस मुकाबले में भारत ने 93 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर यह जता दिया कि वह टूर्नामेंट में लंबी रेस का घोड़ा है. पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने नामीबिया को 116 रनों पर समेट दिया.
बल्लेबाजों ने रखी मजबूत नींव
यूएसए के खिलाफ पिछले मैच में भारतीय बल्लेबाजी उम्मीद के अनुरूप नहीं रही थी, लेकिन इस बार टीम ने उस कमी को पूरी तरह दूर कर दिया. अभिषेक शर्मा की अनुपस्थिति में संजू सैमसन को मौका मिला, हालांकि वह 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद जिम्मेदारी ईशान किशन ने संभाली और अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया. उन्होंने महज 24 गेंदों में 61 रन बनाकर पारी को गति दी. उनकी पारी में चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली और नामीबिया के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ गए. कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन और तिलक वर्मा 25 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन टीम की रनगति पर इसका खास असर नहीं पड़ा.
मध्यक्रम में हार्दिक पांड्या ने अपनी आक्रामक शैली से स्कोर को नई ऊंचाई दी. उन्होंने 28 गेंदों में 52 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल रहे. शिवम दुबे ने भी 23 रनों का योगदान दिया. इन पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
गेंदबाजों ने किया जीत पर मुहर
209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत संभली हुई थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही मैच पर पकड़ बना ली. चौथे ओवर में अर्शदीप सिंह ने जैन फ्रेलिंक को आउट कर पहली सफलता दिलाई. इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी का जादू चलाया और लौरेन स्टीनकेंप को 29 रन पर बोल्ड कर दिया.
नामिबिया की टीम लगातार अंतराल में विकेट गंवाती रही और 94 रन तक छह विकेट खो चुकी थी. जसप्रीत बुमराह ने रूबेन ट्रंपलैन और जाने ग्रीन की साझेदारी को तोड़कर आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी. पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई.
भारतीय गेंदबाजों में वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लेकर सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया. अक्षर पटेल और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि बुमराह, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह को एक-एक सफलता मिली. यह सामूहिक गेंदबाजी प्रयास भारत की जीत की असली ताकत साबित हुआ.
पाकिस्तान से टक्कर की तैयारी
इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम ने न सिर्फ अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत की है, बल्कि आत्मविश्वास भी ऊंचा किया है. अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होना है. यह मुकाबला हमेशा की तरह हाई-वोल्टेज रहने वाला है.
ये भी पढ़ें: IND vs NAM: ईशान किशन ने रचा इतिहास, 20 गेंदों में जड़ा अर्धशतक; ये बड़ी उपलब्धि की हासिल