सौरव गांगुली को बर्थडे पर जय शाह ने दिया सबसे बड़ा तोहफा, ICC हॉल ऑफ फेम में होगी एंट्री

Sourav Ganguly ICC Hall of Fame: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली के लिए उनका 54वां जन्मदिन यादगार बन गया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें प्रतिष्ठित 'आईसीसी हॉल ऑफ फेम' में शामिल कर सम्मानित किया.

sourav-ganguly-inducted-into-icc-hall-of-fame
Image Source: ANI

Sourav Ganguly ICC Hall of Fame: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाने वाले सौरव गांगुली के लिए उनका 54वां जन्मदिन यादगार बन गया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने उन्हें प्रतिष्ठित 'आईसीसी हॉल ऑफ फेम' में शामिल कर सम्मानित किया. इस उपलब्धि के बाद गांगुली ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की और आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह का आभार व्यक्त किया. क्रिकेट जगत में इस सम्मान को किसी खिलाड़ी के पूरे करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जाता है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए दादा ने लिखा, "मुझे हॉल ऑफ फेम में जगह देने के लिए आईसीसी और चेयरमैन जय शाह का शुक्रिया. यह बड़ा सम्मान है. अब तक हॉल ऑफ फेम में शामिल किए गए 10 भारतीयों में से एक होना. कुछ महान नामों का हिस्सा बनना अद्भुत है." इसके आगे उन्होंने बीसीसीआई को भी टैग किया. 

भारत के 12वें क्रिकेटर बने, खास क्लब में हुई एंट्री

आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के साथ ही सौरव गांगुली भारत के 10वें पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं जिन्हें यह सम्मान मिला है. अगर पुरुष और महिला क्रिकेटरों को मिलाकर देखा जाए तो वह इस सूची में शामिल होने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी हैं. गांगुली का नाम अब उन दिग्गज क्रिकेटरों के साथ जुड़ गया है जिन्होंने अपने प्रदर्शन और नेतृत्व से विश्व क्रिकेट पर अमिट छाप छोड़ी है.

जन्मदिन पर मिला डबल सेलिब्रेशन का मौका

गांगुली के लिए इस बार का जन्मदिन दोहरी खुशियां लेकर आया. एक ओर आईसीसी ने उन्हें हॉल ऑफ फेम में जगह देकर सम्मानित किया, वहीं दूसरी ओर उनकी जिंदगी पर आधारित बायोपिक की रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया. 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' नाम की यह फिल्म 14 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ऐसे में उनके प्रशंसकों के लिए यह साल बेहद खास रहने वाला है.

बल्ले और गेंद दोनों से किया शानदार प्रदर्शन

सौरव गांगुली का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार उपलब्धियों से भरा रहा. उन्होंने भारत के लिए 113 टेस्ट मुकाबले खेले, जिनकी 188 पारियों में 42.17 की औसत से 7,212 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 16 शतक और 35 अर्धशतक निकले, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 239 रन रहा. गेंदबाजी में भी उन्होंने 99 पारियों में 32 विकेट लेकर टीम के लिए अहम योगदान दिया.

वनडे क्रिकेट में भी छोड़ी अमिट छाप

वनडे क्रिकेट में भी गांगुली का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने 311 मैचों की 300 पारियों में 11,363 रन बनाए और 41.02 की औसत से 22 शतक तथा 72 अर्धशतक जड़े. इसके अलावा उन्होंने 171 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 100 विकेट भी अपने नाम किए. बतौर कप्तान भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाने वाले गांगुली का यह सम्मान उनके शानदार करियर और खेल में दिए गए योगदान की बड़ी स्वीकृति माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ICC Rankings: T20 रैंकिंग में ईशान किशन नंबर-1 पर कायम, टॉप-10 में सिर्फ एक पाकिस्तानी बल्लेबाज, देखें लिस्ट