श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. चार दिन तक चले अभियान के बाद बुधवार को लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर जाकिर गनी को मुठभेड़ में मार गिराया गया. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आतंकी का शव भी बरामद कर लिया गया है.
चार दिन से चल रहा था ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक, शोपियां के चनापोरा इलाके में शनिवार को पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान शुरू किया था. अभियान के दौरान बुधवार को एक गौशाला से जाकिर गनी का शव बरामद किया गया.
मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने क्या कहा?
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए लिखा, "भाग सकते हैं, लेकिन छिप नहीं सकते."
You Can Run But You Can't Hide !
— J&K Police (@JmuKmrPolice) July 8, 2026
One Lashkar terrorist neutralised by SOG Shopian, in a Jt Op, along with RR and CRPF.
पुलिस ने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) शोपियां, 55 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
मुठभेड़ के दौरान हुई गोलीबारी
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी. इसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई और कुछ समय तक दोनों ओर से गोलीबारी हुई.
ऑपरेशन खत्म होने के बाद इलाके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया.
सुरक्षाबल अभी भी पूरे इलाके में तलाशी और सैनिटाइजेशन अभियान चला रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जाकिर गनी के साथ लतीफ नाम का एक और लश्कर आतंकी भी मौजूद था, जो फिलहाल फरार है. उसकी तलाश के लिए पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.
ये भी पढ़ें- बंगाल में बरुईपुर रेप-मर्डर कांड के आरोपी का एनकाउंटर, 12 साल की बच्ची से हैवानियत करने वाला आरोपी ढेर