Raisen Crime News: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने गुस्से और नाराजगी के चलते दो लोगों को गोली मार दी और बाद में आत्महत्या कर ली. यह घटना बनखेड़ी गांव स्थित एक नर्सरी में हुई, जहां आरोपी ने पहले तो गोलीबारी की और फिर मौके से फरार हो गया. हालांकि, बाद में उसका शव एक पेड़ से लटकता हुआ मिला. इस गोलीबारी में घायल हुए दोनों व्यक्तियों का इलाज जारी है और उनका स्वास्थ्य अब स्थिर बताया जा रहा है.
काम से निकाले जाने पर बढ़ी नाराजगी
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पूरन उर्फ गुड्डा पहले लोधी नर्सरी में मजदूरी का काम करता था. पांच साल पहले नर्सरी में लापरवाही के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इस घटना को वह अब तक अपने आत्मसम्मान के खिलाफ मानता था और इस कारण उसके मन में नाराजगी थी. मंगलवार दोपहर को उसकी नाराजगी उस समय हिंसा का रूप ले लिया जब उसने नर्सरी के प्रभारी डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और महिला कर्मचारी सुमन बाई पर गोलियां चला दीं.
घटनास्थल पर की पांच राउंड की फायरिंग
पुलिस की जानकारी के अनुसार आरोपी ने देसी कट्टे से पांच राउंड की फायरिंग की. पहले उसने डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को पीठ में गोली मारी, फिर सुमन बाई को भी निशाना बनाया. सुमन बाई की पीठ में गोली लगी जो उनके शरीर के आर-पार हो गई. इस बीच, डालचंद नामक कर्मचारी ने जब भागने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बच गया. इस घटना के बाद पूरन मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में उसका शव एक पेड़ से लटकता हुआ पाया गया, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है.
घायलों की स्थिति और इलाज
गोलीबारी के बाद डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा और महिला कर्मचारी सुमन बाई को गंभीर हालत में रायसेन जिला अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया. अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों का इलाज अभी भी चल रहा है, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: वैलेंटाइन डे पर नई गर्लफ्रेंड से शादी का वादा, पुरानी GF ने किया विरोध, फिर... आगरा में खूनी खेल