वैलेंटाइन डे पर नई गर्लफ्रेंड से शादी का वादा, पुरानी GF ने किया विरोध, फिर... आगरा में खूनी खेल

आगरा में वैलेंटाइन वीक के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपनी पुरानी प्रेमिका की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, ताकि वह अपनी नई गर्लफ्रेंड के साथ शादी कर सके.

marry new girlfriend on Valentines Day murder of old girlfriend in agra
Image Source: Social Media

आगरा में वैलेंटाइन वीक के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपनी पुरानी प्रेमिका की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी, ताकि वह अपनी नई गर्लफ्रेंड के साथ शादी कर सके. इस खौफनाक वारदात में आरोपी युवक के माता-पिता भी शामिल बताए जा रहे हैं.

इस मामले का खुलासा 6 फरवरी को हुआ, जब यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली टोल प्लाजा के पास कंबल में लिपटा एक युवती का शव मिला. युवती के चेहरे पर चोट के निशान थे और गले पर दबाने के निशान पाए गए थे.

सोशल मीडिया से हुई पहचान

आगरा पुलिस ने युवती की पहचान के लिए तकनीक की मदद ली. चेहरे को साफ कर फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की गई. इसके बाद मृतका की पहचान महोबा की रहने वाली सोनाली के रूप में हुई.

प्यार में घर छोड़कर आई थी सोनाली

सोनाली पहले से शादीशुदा थी. करीब चार साल पहले वह दिल्ली के जहांगीरपुरी में रहने वाले सनी के साथ रहने लगी थी. उसने अपने परिवार और पति को छोड़ दिया था, क्योंकि उसे लगा कि सनी के साथ उसकी जिंदगी बेहतर होगी.

लेकिन बाद में पता चला कि सनी गलत कामों से जुड़ा हुआ था और सोनाली का जीवन मुश्किलों से भर गया.

नई प्रेमिका से शादी का दबाव बना वजह

समय के साथ सनी का रिश्ता किसी और लड़की से बन गया. उसने नई लड़की से 14 फरवरी को शादी करने का वादा किया था. सोनाली इस रिश्ते का विरोध कर रही थी और सनी पर दबाव बना रही थी. इसी वजह से सनी ने सोनाली को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

माता-पिता भी बने गुनाह में हिस्सेदार

जांच में सामने आया कि सनी ने सोनाली की गला दबाकर हत्या की. इस वारदात में उसके पिता प्रदीप और मां ने भी उसकी मदद की. शव को ठिकाने लगाने के लिए सनी ने किराए पर गाड़ी ली. शव को कंबल में लपेटकर वह कहीं फेंकने की कोशिश में निकला था. योजना थी कि शव को नदी में फेंक दिया जाए, लेकिन सुबह होने और पकड़े जाने के डर से उसने एक्सप्रेसवे किनारे ही शव छोड़ दिया.

पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

सनी को लगा था कि शव की पहचान नहीं हो पाएगी, लेकिन पुलिस ने तेजी से काम करते हुए 24 घंटे के भीतर न सिर्फ युवती की पहचान कर ली, बल्कि आरोपी सनी को भी पकड़ लिया. गिरफ्तारी के समय वह पंजाब भागने की तैयारी में था. पूछताछ में पहले उसने आत्महत्या की कहानी बताई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई, जिससे उसका झूठ सामने आ गया.

ये भी पढ़ें- Dominos खिलाएगा 1 साल तक फ्री पिज्जा, बस आपको दिखानी होगी अपनी क्रिएटिविटी, कैसे उठाएं ऑफर का फायदा?