दिल्ली में 17 सितंबर से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, CM रेखा गुप्ता ने किया ऐलान, जानें क्या होगा खास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. दिल्ली सरकार और बीजेपी के संयुक्त प्रयास से यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा.

seva-sankalp-campaign-delhi-pm-modi-service-anniversary-programs
Image Source: ANI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. दिल्ली सरकार और बीजेपी के संयुक्त प्रयास से यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को प्रदेश बीजेपी की बैठक में इसकी घोषणा की. अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए लोगों तक पहुंच बनाना है.

17 सितंबर से रक्तदान शिविर के साथ होगी शुरुआत

‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को रक्तदान शिविर के साथ होगी. इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है. अभियान के दौरान 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन आयोजनों के जरिए सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है.

सफाई अभियान से लेकर पेंटिंग प्रतियोगिता तक

एक महीने चलने वाले इस अभियान में कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इनमें सफाई अभियान, उपलब्धियों से जुड़े प्रमुख स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था, केंद्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियों और ‘विकसित भारत’ की थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता तथा ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक शामिल हैं. इसके अलावा आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘नेशनल यूथ इनिशिएटिव चैलेंज’ भी आयोजित होगा.

वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’

अभियान का एक प्रमुख आकर्षण ‘सेवा ज्योति यात्रा’ होगी, जो वडनगर से वाराणसी तक आयोजित की जाएगी. इसके जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़े सफर को रेखांकित करने की कोशिश होगी. बीजेपी और दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित होने वाले अलग-अलग कार्यक्रमों के साथ कुछ आयोजन संयुक्त रूप से भी किए जाएंगे, जिसमें सामाजिक और संगठनात्मक स्तर पर व्यापक भागीदारी की योजना है.

नेताओं और कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के मुताबिक, NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल अभियान के राष्ट्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे, जबकि दिल्ली सरकार की ओर से मंत्री कपिल मिश्रा जिम्मेदारियां संभालेंगे. प्रदेश बीजेपी की ओर से गठित समिति की संयोजक महामंत्री योगिता सिंह होंगी. अभियान के कार्यक्रमों में दिल्ली सरकार के मंत्री, बीजेपी के प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी.

दिल्ली के अभियान को राष्ट्रीय मॉडल बनाने की उम्मीद

‘सेवा संकल्प अभियान’ के कुछ कार्यक्रम दिल्ली सरकार के स्तर पर, कुछ बीजेपी संगठन की ओर से और कुछ दोनों के संयुक्त प्रयास से आयोजित किए जाएंगे. बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय पर्यवेक्षक कुलजीत सिंह चहल ने उम्मीद जताई कि दिल्ली में होने वाले ये कार्यक्रम देश के दूसरे हिस्सों के लिए भी उदाहरण बनेंगे. एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के जरिए सेवा, सामाजिक भागीदारी और जनसंपर्क को केंद्र में रखते हुए कई स्तरों पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी.

ये भी पढ़ें: CNG Price: दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG, आज से ₹3.89 प्रति किलो बढ़े दाम, जानें नई कीमत