CNG Price: दिल्ली और एनसीआर के शहरों में CNG की कीमत एक बार फिर बढ़ गई है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के मुताबिक, शनिवार सुबह 6 बजे से CNG के दाम 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दिए गए हैं. नई कीमतों का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर में CNG से चलने वाले वाहनों के मालिकों और चालकों पर पड़ेगा.
IGL ने शुक्रवार को कीमत बढ़ाने की जानकारी दी थी. कंपनी के मुताबिक, CNG तैयार करने के लिए जरूरी गैस का बड़ा हिस्सा आयातित LNG से आता है. पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमत बढ़ी है. इसी वजह से CNG की कीमत में बढ़ोतरी करनी पड़ी है.
CNG rates have been hiked by Rs 3.89 per kg in Delhi with effect from 6 AM today, 29th August.
— ANI (@ANI) August 28, 2026
आज सुबह 6 बजे से लागू हुए नए दाम
IGL ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमत अभी भी ऊंची बनी हुई है. इससे गैस खरीदने की लागत बढ़ गई है. लागत में हुई इस बढ़ोतरी के कुछ हिस्से की भरपाई के लिए CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाना जरूरी हो गया था. कंपनी के अनुसार, बढ़ी हुई कीमत शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई है.
इस साल CNG के दाम में पांचवीं बढ़ोतरी
2026 में CNG की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है. मई के बाद पहली बार CNG के दाम बढ़ाए गए हैं. मई में पश्चिम एशिया के संघर्ष के कारण दुनियाभर में ऊर्जा की कीमतों में तेजी आई थी. उस समय IGL ने सिर्फ 10 दिनों के अंदर चार बार कीमत बढ़ाई थी और CNG कुल 6 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हुई थी.
नई बढ़ोतरी के बाद नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत 95.59 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. वहीं मेरठ में यह 95.47 रुपये और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई है. अलग-अलग राज्यों में वैट की दर और व्यवस्था अलग होने के कारण CNG के दाम भी शहर के हिसाब से अलग रहते हैं.
ऑटो, टैक्सी और माल ढुलाई पर बढ़ेगा खर्च
CNG महंगी होने का असर दिल्ली-NCR में यात्रियों और माल ढुलाई के खर्च पर भी पड़ सकता है. इस इलाके में बड़ी संख्या में ऑटो, टैक्सी और सामान ढोने वाले वाहन CNG से चलते हैं. ऐसे में ईंधन की लागत बढ़ने से इनके किराए पर भी असर पड़ सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, जुलाई से दुनियाभर में LNG की कीमतें पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने से पहले के मुकाबले करीब दोगुनी हो गई हैं. पश्चिम एशिया में संकट बढ़ने के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली आवाजाही पर भी असर पड़ा है, जिससे LNG की आपूर्ति और कीमतों पर दबाव बढ़ा है.
यूरोप बढ़ा रहा LNG का भंडार
एशिया के JKM LNG बेंचमार्क की कीमत इस साल फरवरी में करीब 11 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो अगस्त में बढ़कर 23.4 डॉलर हो गई. इसी तरह यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क की कीमत भी करीब 11.3 डॉलर से बढ़कर 23.3 डॉलर प्रति MMBTU पहुंच गई है.
सर्दियों का मौसम आने से पहले यूरोप बड़ी मात्रा में LNG का भंडार कर रहा है. मांग बढ़ने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की कीमतों पर भी दबाव बढ़ रहा है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: आज इन राशियों पर बरसेगा प्यार! सिंह को सरप्राइज तो तुला को मिलेगा रोमांस... जानें लव राशिफल