SBI Bank Strike: अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो उसे समय रहते निपटा लेना बेहतर होगा. सितंबर के आखिरी सप्ताह में बैंक लगातार पांच दिनों तक बंद रह सकते हैं. दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव रखा है. इससे ठीक पहले 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी.

SBI ने ग्राहकों को दी जरूरी सलाह
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने हड़ताल के प्रस्ताव को देखते हुए अपने ग्राहकों से अपील की है कि वे महत्वपूर्ण बैंकिंग लेनदेन पहले ही पूरा कर लें. बैंक ने कहा है कि हड़ताल की अवधि के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, लेकिन शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों को पहले से तैयारी रखने की सलाह दी गई है. SBI ने अपने ग्राहकों को सलाह दी है कि 28 से 30 सितंबर के बीच जरूरी लेनदेन के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करें. इससे ग्राहकों को शाखाओं के बंद रहने या हड़ताल के कारण होने वाली संभावित परेशानी से बचने में मदद मिल सकती है.
ATM और डिजिटल बैंकिंग का कर सकते हैं इस्तेमाल
हड़ताल के दौरान कैश की जरूरत पूरी करने के लिए ग्राहक SBI के ATM और ऑटो डेबिट एंड विड्रॉल मशीन (ADWM) का इस्तेमाल कर सकते हैं. बैंक ने ग्राहकों से अपनी नकदी संबंधी जरूरतों को पहले से ध्यान में रखने और उपलब्ध ATM सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी है. इसके अलावा ग्राहक इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग, UPI और SBI के अन्य डिजिटल चैनलों के जरिए कई तरह के बैंकिंग काम कर सकते हैं. बैंक ने हड़ताल की अवधि के दौरान इन डिजिटल सेवाओं को प्राथमिकता देने की सलाह दी है.
लगातार 5 दिन क्यों बंद रहेंगे बैंक?
बैंक लगातार पांच दिनों तक बंद रहने की स्थिति इसलिए बन रही है क्योंकि हड़ताल से ठीक पहले शनिवार और रविवार पड़ रहा है. 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल रहेगी. इस तरह शनिवार से बुधवार तक कुल पांच दिनों का बैंकिंग ब्रेक बन सकता है. हालांकि, हड़ताल का असर और शाखाओं में कामकाज की स्थिति संबंधित घटनाक्रम पर निर्भर करेगी. ऐसे में ग्राहकों के लिए जरूरी बैंकिंग काम पहले ही पूरा कर लेना सुविधाजनक रहेगा.
ये भी पढ़ें- बैंक में नौकरी का सुनहरा मौका, SBI में 200 से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती, कौन कर सकता है अप्लाई?