शांति वार्ता से पहले रूस ने यूक्रेन पर बरसाए ताबड़तोड़ मिसाइल-ड्रोन, मची भारी तबाही, 5 की मौत

Russia Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से ज्यादा समय से जारी युद्ध लगातार खतरनाक होता जा रहा है. एक दिन पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के सामने युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था.

Russia unleashed a barrage of missiles and drones on Ukraine ahead of peace talks
Image Source: Social Media

Russia Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से ज्यादा समय से जारी युद्ध लगातार खतरनाक होता जा रहा है. एक दिन पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के सामने युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था. उन्होंने कहा था कि यूक्रेन की तरफ से अब किसी तरह का हमला नहीं किया जाएगा.

लेकिन इस शांति प्रस्ताव के बाद भी हालात नहीं बदले. शनिवार रात रूसी सेना ने यूक्रेन की राजधानी कीएव और बोरिस्पिल के मुख्य हवाई अड्डों पर मिसाइल और ड्रोन से बड़े हमले किए. जेलेंस्की ने इन हमलों को रूस की सोची-समझी रणनीति बताया है.

जेलेंस्की ने रूस पर लगाए गंभीर आरोप

रूसी हमलों को लेकर जेलेंस्की ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दरअसल, हाल ही में खबर सामने आई थी कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरार्ड कुशनर और स्टीव विटकॉफ शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए विमान से यूक्रेन आने वाले हैं.

जेलेंस्की का दावा है कि रूस को अमेरिकी दूतों के यूक्रेन आने की बात पसंद नहीं आई. उनका कहना है कि अमेरिकी प्रतिनिधि सीधे कीएव या बोरिस्पिल एयरपोर्ट पर उतरने वाले थे. ऐसे में रूस ने इन हवाई अड्डों को निशाना बनाकर उनकी यात्रा को मुश्किल और जोखिम भरा बनाने की कोशिश की.

हमलों में आम लोगों और इमारतों को नुकसान

रातभर हुए रूसी हमलों में यूक्रेन के कई इलाकों में आम लोगों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा. नीप्रॉपेट्रोस क्षेत्र के कामियांस्के में एक नागरिक औद्योगिक इकाई पर हुए हमले में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए. इसके अलावा खेरसॉन, बोरिस्पिल और खार्कीव में कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा. 

सुमी और मायकोलाइव में रूसी ड्रोन ने शॉपिंग मॉल को भी निशाना बनाया. इन हमलों में 72 साल के एक बुजुर्ग और 17 साल की एक लड़की के घायल होने की खबर है. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, नीप्रॉपेट्रोस में यूक्रेन की सेना को धातु की सप्लाई करने वाले दो बड़े मेटल प्लांट्स को निशाना बनाया गया.

लुहांस्क में भी यूक्रेनी हमलों से मौतें

रूस के कब्जे वाले लुहांस्क क्षेत्र में भी पिछले 24 घंटे के दौरान यूक्रेनी हमलों की खबर है. रूसी नियुक्त गवर्नर लियोनिद पासेचनिक के मुताबिक, इन हमलों में 5 लोगों की मौत हुई और 5 अन्य घायल हुए हैं.

यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने रोस्तोव और वोरोनेझ क्षेत्रों से बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और कुल 167 ड्रोन से हमला किया. यूक्रेन का दावा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने इनमें से 128 ड्रोन को हवा में ही मार गिराया या नाकाम कर दिया.

पहले जेलेंस्की ने हमले रोकने की कही थी बात

इससे पहले जेलेंस्की ने कहा था कि अमेरिकी दूतों की सुरक्षा और शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए यूक्रेन अपनी तरफ से हवाई हमले रोकने को तैयार है. उन्होंने रूस से भी इसी तरह की कार्रवाई करने की अपील की थी.

लेकिन रूसी हमलों के बाद जेलेंस्की का रुख सख्त हो गया है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है और कूटनीति का सम्मान करता रहेगा. हालांकि, रूस के मौजूदा रवैये को देखते हुए यूक्रेन अगले हफ्ते से रूसी हवाई क्षेत्र में अपनी रणनीतिक कार्रवाई और सख्त करेगा.

ये भी पढ़ें- आतंकवाद पर भारत का करारा प्रहार, सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर को किया ढेर