'मैं प्यार में हूं', शरमाते हुए रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने किसके लिए कही ये बात? लोग तलाश रहे नाम

दुनिया की राजनीति में सख्त फैसलों और कठोर तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह युद्ध, रणनीति या कूटनीति नहीं, बल्कि उनका निजी बयान है.

Russia president putin says i am in love know who is alina kabaeva
Image Source: Screen Grab (ANI)

दुनिया की राजनीति में सख्त फैसलों और कठोर तेवरों के लिए पहचाने जाने वाले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह युद्ध, रणनीति या कूटनीति नहीं, बल्कि उनका निजी बयान है. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान पुतिन ने ऐसा जवाब दिया, जिसने अंतरराष्ट्रीय मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक हलचल मचा दी. अपने आम तौर पर गंभीर अंदाज से हटकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार कर लिया कि वह प्यार में हैं.

इंटरव्यू के दौरान माहौल तब दिलचस्प हो गया, जब एक रिपोर्टर ने हल्के-फुल्के अंदाज में एक निजी सवाल पूछ लिया. सवाल था. आप कहते हैं कि पहली नजर का प्यार सच होता है, तो क्या आप कभी प्यार में पड़े हैं? यह सवाल सुनते ही पुतिन पलभर के लिए झेंप गए. चेहरे पर हल्की मुस्कान आई और फिर उन्होंने सहज अंदाज में जवाब दिया “हां, मैं प्यार में हूं.” उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग भी चौंक गए. आमतौर पर बेहद संयमित और भावनाएं कम जाहिर करने वाले पुतिन का यह अंदाज शायद ही पहले कभी देखा गया हो. इसी वजह से यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया.

नाम पर रखी चुप्पी

हालांकि, पुतिन ने यह साफ नहीं किया कि वह किसके प्यार में हैं. उन्होंने न तो किसी नाम का जिक्र किया और न ही अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कोई और जानकारी साझा की. उनके इस अधूरे लेकिन ईमानदार जवाब ने लोगों की जिज्ञासा और बढ़ा दी है.

निजी जिंदगी को लेकर हमेशा रहे हैं सतर्क

व्लादिमीर पुतिन अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर हमेशा बेहद गोपनीय रहे हैं. बहुत कम मौकों पर उन्होंने निजी रिश्तों पर खुलकर बात की है. साल 2013 में उनका और उनकी पत्नी ल्यूडमिला का तलाक हुआ था. करीब 30 साल की शादी के बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया. इस रिश्ते से उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र लगभग 30 साल के आसपास बताई जाती है. तलाक के बाद भी पुतिन और ल्यूडमिला के संबंध सम्मानजनक बने रहे और दोनों ने मिलकर अपनी बेटियों की परवरिश की.

एलिना काबायेवा से जुड़ चुका है नाम

तलाक के बाद कई बार पुतिन का नाम मशहूर ओलंपिक जिमनास्ट एलिना काबायेवा के साथ जोड़ा गया. हालांकि, इस रिश्ते को लेकर कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. एलिना काबायेवा रूस की चर्चित खिलाड़ी रही हैं और उन्होंने अपने करियर में 14 वर्ल्ड चैंपियनशिप और 25 यूरोपियन चैंपियनशिप मेडल जीते हैं. वह साल 2007 में खेलों से संन्यास ले चुकी हैं.पुतिन के ताजा बयान के बाद एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि, उन्होंने जिस तरह से मुस्कुराते हुए प्यार का इजहार किया, उसने यह जरूर साबित कर दिया कि सख्त छवि के पीछे भी एक भावनात्मक इंसान मौजूद है, जो अपनी जिंदगी के कुछ पल खुद तक ही सीमित रखना पसंद करता है.

यह भी पढ़ें: UAE में भारी बारिश से दुबई-अबू धाबी में बाढ़ जैसे हालात, रेगिस्तान में अचानक क्यों बरसने लगा पानी?