UAE में भारी बारिश से दुबई-अबू धाबी में बाढ़ जैसे हालात, रेगिस्तान में अचानक क्यों बरसने लगा पानी?

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) एक बार फिर असामान्य मौसम के कारण वैश्विक चर्चा में है.

Flood like situation in Dubai-Abu Dhabi due to heavy rain in UAE
Image Source: Social Media

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) एक बार फिर असामान्य मौसम के कारण वैश्विक चर्चा में है. आमतौर पर सूखे और गर्म रेगिस्तानी इलाकों के लिए पहचाने जाने वाले इस देश में हाल ही में तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. दुबई और अबू धाबी समेत कई बड़े शहरों में भारी वर्षा के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे प्रशासन को आपात कदम उठाने पड़े.

गुरुवार देर रात से शुक्रवार तक दुबई में लगातार तेज बारिश दर्ज की गई. वहीं राजधानी अबू धाबी में भी बारिश के साथ तेज हवाएं और तूफानी हालात देखने को मिले. कुछ ही घंटों की बारिश में निचले इलाके जलमग्न हो गए. खासतौर पर उत्तरी अमीरात से सामने आए वीडियो में सड़कों पर तेज बहाव और वाहनों के फंसे होने के दृश्य दिखे.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मोटर चालकों से अपील की कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में यात्रा से बचें. कई अंडरपास और मुख्य सड़कें अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं.

प्रशासन के सख्त कदम

दुबई सरकार ने शुक्रवार को सरकारी कर्मचारियों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने का निर्देश दिया. निजी क्षेत्र से भी इसी तरह की अपील की गई ताकि सड़कों पर भीड़ कम की जा सके.

अबू धाबी में एहतियातन लोगों से दोपहर 2 बजे तक घरों के अंदर रहने को कहा गया. इसके अलावा सार्वजनिक समुद्र तट, पार्क और प्रमुख पर्यटन स्थल अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए ताकि किसी तरह की जनहानि न हो.

रेगिस्तानी देश में बाढ़ क्यों बन रही है समस्या?

UAE और खाड़ी क्षेत्र में आमतौर पर बहुत कम बारिश होती है. यहां का बुनियादी ढांचा शुष्क मौसम को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है. ऐसे में जब कम समय में बहुत अधिक बारिश होती है, तो ड्रेनेज सिस्टम उस पानी को संभाल नहीं पाता. नतीजतन सड़कों पर पानी भर जाता है और शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं.

पहले भी दिख चुका है खतरा

यह पहली बार नहीं है जब UAE को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा हो. साल 2024 में भी अप्रैल के महीने में दुबई और अबू धाबी के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण गंभीर बाढ़ आई थी. उस समय शहरी नियोजन और जल निकासी व्यवस्था की कमजोरियाँ खुलकर सामने आई थीं.

ताजा बारिश के बाद भी वही तस्वीर देखने को मिली. कुछ ही समय में सड़कें, अंडरपास और रिहायशी इलाके पानी से भर गए. इससे यह सवाल फिर उठने लगा है कि क्या रेगिस्तानी शहरों को अब जलवायु परिवर्तन के अनुरूप अपने बुनियादी ढांचे को दोबारा डिजाइन करने की जरूरत है.

UAE से बाहर भी दिखा असर

इस खराब मौसम का असर केवल UAE तक सीमित नहीं रहा. पड़ोसी देश कतर में भी भारी बारिश दर्ज की गई. दोहा में बिजली गिरने की घटनाओं के बाद सुरक्षा कारणों से FIFA अरब कप के एक प्लेऑफ मैच को रद्द करना पड़ा.

इसके अलावा दुबई, अबू धाबी और दोहा से जुड़ी कई उड़ानों को या तो रद्द किया गया या फिर कुछ समय के लिए टालना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी.

ये भी पढ़ें- सीरीया पर बरसा अमेरिक... रातों-रात किया बड़ा हमला; तबाह किए 70 से अधिक ठिकाने