तोरखम बॉर्डर पर अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच हाल ही में तनाव में फिर से वृद्धि हुई है. रविवार को दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच एक और झड़प हुई, जिसमें अफगान सैनिकों ने भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए गोलीबारी शुरू की, जिसका पाकिस्तान ने जवाब दिया. इसके बाद से दोनों ओर से लगातार गोलीबारी जारी रही, जिससे दोनों पक्षों के सुरक्षाबल घायल हो गए और एक नागरिक की जान चली गई.
बैठक किसी समाधान तक नहीं पहुंच सकी
बॉर्डर पर स्थिति को शांत करने के लिए दोनों देशों के अधिकारियों ने रविवार को बैठक की, लेकिन यह बैठक किसी समाधान तक नहीं पहुंच सकी. सोशल मीडिया पर महाज नामक प्लेटफॉर्म ने बताया कि पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अफगान चौकियों पर हमला किया, जिसमें तीन अफगान सुरक्षाकर्मी और एक नागरिक घायल हो गए. खैबर जिले के सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह तोरखम में अफगान तालिबान बलों की गोलीबारी में तीन पाकिस्तानी सैनिक घायल हो गए, और एक नागरिक ट्रक चालक की गोलीबारी में मौत हो गई. ट्रक चालक गोलीबारी के दौरान भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी मौत हो गई.
अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं
इस बीच अफगान सरकार की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है. उल्लेखनीय है कि तोरखम बॉर्डर पिछले 10 दिनों से बंद पड़ा हुआ है, जिसके कारण व्यापार प्रभावित हुआ है. रविवार को सीमा खोलने की कोशिशें नाकाम रही हैं, और दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है. 21 फरवरी को सीमा के पास नए निर्माण कार्यों के चलते तनाव के कारण यह बॉर्डर बंद कर दिया गया था, और अब स्थानीय व्यापारियों के लिए यह स्थिति काफी मुश्किल पैदा कर रही है.
ये भी पढ़ेंः अयोध्या में रामलला के दर्शन का समय बदला, भक्तों के लिए आज से लागू हो गए नए नियम; पढ़िए पूरा शेड्यूल