Pinaka Rocket Launcher: भारतीय सेना ने पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर की एक और रेजिमेंट को ऑपरेशनल कर दिया है. इसके साथ अब सेना के पास ऐसे कुल 7 रेजिमेंट हो गए हैं. सीमावर्ती इलाकों में इनकी तैनाती से सेना की ताकत और बढ़ गई है.
भारतीय सेना पिनाका सिस्टम को भारत-पाकिस्तान सीमा से लेकर वास्तविक नियंत्रण रेखा तक तैनात कर रही है. जानकारी के मुताबिक, आने वाले समय में 8 और पिनाका रेजिमेंट तैयार हो रहे हैं, जिन्हें इस साल के अंत तक शामिल किया जा सकता है.
एक रेजिमेंट में कितने लॉन्चर
एक पिनाका रेजिमेंट में आम तौर पर 3 बैटरियां होती हैं और हर बैटरी में 6 लॉन्चर शामिल होते हैं. इस तरह एक रेजिमेंट में कुल 18 पिनाका लॉन्चर होते हैं. इसके अलावा 2 अतिरिक्त लॉन्चर ट्रेनिंग और जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए रखे जाते हैं.
कितनी ताकतवर है पिनाका
पिनाका सिस्टम बहुत कम समय में भारी गोलाबारी करने के लिए जाना जाता है. एक बैटरी के 6 लॉन्चर करीब 44 सेकंड में 72 रॉकेट दाग सकते हैं. यानी एक पूरी रेजिमेंट 44 सेकंड में करीब 226 रॉकेट फायर कर सकती है. इससे दुश्मन के ठिकानों को कुछ ही मिनटों में भारी नुकसान पहुंचाया जा सकता है.
क्या हैं इसकी खासियतें
पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर को हर मौसम में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है. यह तेजी से जवाब देने और सटीक निशाना लगाने में सक्षम है. शुरुआती पिनाका रॉकेट की मारक क्षमता करीब 40 किलोमीटर तक थी, लेकिन अब इसके नए वेरिएंट 90 किलोमीटर तक के लक्ष्य को निशाना बना सकते हैं.
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने हाल ही में लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण किया था, जिसने करीब 120 किलोमीटर दूर लक्ष्य को सटीकता से हिट किया. लंबे समय में सेना 22 पिनाका रेजिमेंट तैयार करने की योजना पर काम कर रही है. इसकी रेंज और सटीकता को देखते हुए यह सिस्टम सेना के लिए काफी अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- परिसीमन के बाद बदल जाएगी लोकसभा की पूरी तस्वीर, किस राज्य में कितनी बढ़ेंगी सीटें? जानें पूरी डिटेल