अगर आप प्रभु राम की पवित्र नगरी अयोध्या जाने का विचार कर रहे हैं और परिवार के साथ रामलला के दर्शन करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक अहम जानकारी है. दरअसल, राम मंदिर ट्रस्ट ने अब प्रभु राम के दर्शन का समय बदल दिया है. पहले प्रयागराज महाकुंभ के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए रामलला के दर्शन का समय बढ़ाकर 19 घंटे किया गया था, लेकिन अब दर्शन का समय पहले जैसा कर दिया गया है.
नए दर्शन समय की घोषणा
पहले रामलला के दरबार के दर्शन सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक होते थे, लेकिन अब श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए दर्शन का समय कम कर दिया गया है. राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि नया दर्शन समय आज से लागू हो जाएगा.
दर्शन समय का नया रूपरेखा
नई समय-सारणी के अनुसार, सुबह 4 बजे मंगला आरती होगी, जिसके बाद सवा चार बजे से छह बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे. फिर 6 बजे से श्रृंगार आरती होगी और साढ़े छह से 11:50 बजे तक दर्शन होंगे. इसके बाद, 12 बजे तक पट बंद रहेंगे, राजभोग के बाद पुनः दर्शन होंगे. फिर दोपहर एक बजे से 6:50 तक दर्शन होंगे, जिसके बाद शाम 7 बजे तक फिर से पट बंद हो जाएंगे. संध्या आरती के बाद 9:45 बजे तक दर्शन होंगे और फिर रात 10 बजे शयन आरती के समय मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे.
इस नए दर्शन समय से श्रद्धालुओं को पहले के मुकाबले थोड़ा कम समय मिलेगा, लेकिन यह बदलाव ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए किया गया है. ऐसे में अगर आप अयोध्या आने की योजना बना रहे हैं, तो नए दर्शन समय के अनुसार अपने यात्रा कार्यक्रम को सही से तय करें.
ये भी पढ़ेंः अमेरिका में फिर हाहाकार! दो राज्यों में आग ने मचाया तांडव, घर छोड़कर भाग रहे लोग