पीएम मोदी और मसूद पेजेश्कियान की मीटिंग से अमेरिका परेशान! रुबियो ने दी प्रतिबंध लगाने की चेतावनी

मध्य पूर्व में तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात की. दोनों नेताओं की यह मुलाकात अमेरिका की नजर में भी आ गई है.

Rubio warns of sanctions meeting between PM Modi and Masoud Pezeshkian
Image Source: Social Media

मध्य पूर्व में तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात की. दोनों नेताओं की यह मुलाकात अमेरिका की नजर में भी आ गई है. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत समेत दूसरे देशों को चेतावनी दी है कि वे ईरान को कमाई बढ़ाने या अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में किसी तरह की मदद न करें.

रुबियो ने फॉक्स न्यूज रेडियो के कार्यक्रम में इस मुद्दे पर बात की. उनसे बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से अलग मोदी और पेजेश्कियन की मुलाकात को लेकर सवाल किया गया था. उनसे पूछा गया कि क्या दोनों देश किसी व्यापार समझौते की तैयारी कर रहे हैं.

रुबियो ने कहा कि उन्हें भारत और ईरान के बीच किसी नए व्यापार समझौते की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि हर देश अपनी विदेश नीति तय करता है और दुनिया के कई देश ईरान की सरकार के संपर्क में हैं.

ईरान को प्रतिबंधों से बचाने पर अमेरिका सख्त

मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका को पता है कि कई देश ईरान के साथ बातचीत और संपर्क बनाए हुए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने भी ईरानी अधिकारियों से बातचीत की है.

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीति बिल्कुल स्पष्ट है. कोई भी देश ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने का रास्ता नहीं दे सकता. रुबियो ने कहा कि अगर कोई देश ईरान को ऐसे तरीके से कमाई करने में मदद करता है, जिससे वह आतंकवाद या परमाणु हथियारों से जुड़े कामों में पैसा लगा सके, तो उस देश पर भी अमेरिकी प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ा रहा अमेरिका

रुबियो का बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप प्रशासन ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है. अमेरिका उन देशों और कंपनियों को भी चेतावनी दे रहा है, जो ईरान के साथ कारोबार जारी रखते हैं. ऐसे देशों या कंपनियों पर अमेरिका की ओर से अलग से प्रतिबंध लगाए जाने का खतरा है.

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने 24 अगस्त को ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई का एक अभियान शुरू किया था. अमेरिका का मकसद ईरान की कमाई के उन रास्तों को बंद करना है, जिनसे उसकी अर्थव्यवस्था को सहारा मिल रहा है.

मोदी-पेजेश्कियन की मुलाकात में व्यापार पर चर्चा

रुबियो की चेतावनी मोदी और पेजेश्कियन की बिश्केक में हुई मुलाकात के बाद आई है. दोनों नेताओं ने भारत और ईरान के रिश्तों को और मजबूत करने पर चर्चा की. बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने और नए क्षेत्रों में कारोबार फैलाने पर भी बात हुई.

इसके अलावा पश्चिम एशिया में जारी तनाव, समुद्री रास्तों से होने वाले व्यापार और जहाजों में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी दोनों नेताओं ने चर्चा की.

मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने क्या कहा?

मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को अलग-अलग क्षेत्रों में और मजबूत करने पर सहमति बनी है. उन्होंने आने वाले समय में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने और उसे नए क्षेत्रों तक ले जाने की इच्छा भी जताई.

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि भारत क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए होने वाली कोशिशों का समर्थन करता रहेगा.

विदेश मंत्रालय ने भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई. भारत ने एक बार फिर अपना पुराना रुख दोहराते हुए कहा कि विवादों और तनाव का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए.