IMD का बड़ा अलर्ट! 3 सितंबर को इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, आंधी-बिजली की भी चेतावनी

IMD Weather Update: देश में मानसून की सक्रियता के बीच कई राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 सितंबर के लिए कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

IMD Weather Alert September 3 Heavy Rain Storm Warning
Image Source: ANI

IMD Weather Update: देश में मानसून की सक्रियता के बीच कई राज्यों में बारिश का दौर और तेज होने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 सितंबर के लिए कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा तेज हवाओं, आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पूर्वी मध्य प्रदेश में बेहद भारी बारिश का अलर्ट

IMD के मुताबिक 3 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन सकती है.

दिल्ली समेत इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

उत्तर भारत में हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा बिहार और छत्तीसगढ़ के साथ अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

आंधी और बिजली गिरने का भी खतरा

बारिश के साथ कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ सकता है. आंध्र प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के साथ आंधी और बिजली चमकने की संभावना है. तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

कई राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी

बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.

समुद्र में भी बिगड़ेगा मौसम

3 सितंबर को समुद्री इलाकों में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा. अरब सागर में सोमालिया तट के पास और उससे सटे पश्चिम-मध्य तथा दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह

बंगाल की खाड़ी में मन्नार की खाड़ी से लगे दक्षिण तमिलनाडु तट और दक्षिण श्रीलंका तट से सटे दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में भी 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. यहां हवा के झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. मौसम विभाग ने मछुआरों को इन समुद्री क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें: कौन हैं रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा? जो बने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO, ऑपरेशन सिंदूर से है नाता