अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रबंधन को और मजबूत बनाने की दिशा में ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा (रिटायर्ड) को अपना पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद मिश्रा ने इसे अपना परम सौभाग्य बताया.
'वायुसेना में 43 साल सेवा के बाद रामलला का बुलावा'
अपनी इस नई और पावन जिम्मेदारी पर खुशी जाहिर करते हुए जितेंद्र मिश्रा ने कहा, 'इतने सारे योग्य उम्मीदवारों में से मुझे इस पद के लिए चुना गया, यह मेरे लिए बहुत बड़े सौभाग्य की बात है. मैं इसे भगवान श्रीराम का आशीर्वाद मानता हूं. भारतीय वायुसेना में 43 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद, अब मुझे श्रीराम मंदिर और रामभक्तों की सेवा करने का यह पवित्र अवसर मिला है.'
सैन्य अनुभव से मजबूत होगा मंदिर का प्रशासन
करीब चार दशक के सैन्य अनुभव वाले एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का प्रशासनिक और रणनीतिक अनुभव राम मंदिर ट्रस्ट के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अयोध्या में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में दर्शन व्यवस्था, मंदिर परिसर के संचालन और सुरक्षा से जुड़े कामों में बेहतर समन्वय की जरूरत रहती है. माना जा रहा है कि मिश्रा के अनुभव से इन व्यवस्थाओं को अधिक पेशेवर और प्रभावी तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी.
वेस्टर्न एयर कमांड से राम मंदिर ट्रस्ट तक का सफर
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना के वेस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रह चुके हैं. अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में ऑपरेशन्स के डिप्टी चीफ के साथ-साथ डॉक्ट्रिन, ऑर्गनाइज़ेशन एंड ट्रेनिंग के डिप्टी चीफ जैसी अहम जिम्मेदारियां भी निभाईं. अब सैन्य सेवा के लंबे अनुभव के बाद उनकी नई भूमिका अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे को संभालने की है.