Weather: मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

Weather Update: मौसम विभाग ने 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. हरियाणा, हिमाचल प्रदेश से लेकर पूर्वोत्तर तक आने वाले दिनों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

monsoon-heavy-rain-19-states-uttarakhand-assam-alert
Image Source: ANI

Weather Alert: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों से लेकर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत तक भारी बारिश का दौर जारी है. लगातार बारिश के कारण कई जगह नदियां और नाले उफान पर हैं, भूस्खलन से रास्ते बंद हो रहे हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है. उत्तराखंड और असम में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई है. वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

उत्तराखंड में बारिश बनी आफत

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन, नदी-नालों के उफान और तेज बहाव ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अलग-अलग घटनाओं में 3 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत की सूचना है. अल्मोड़ा जिले के हवालबाग ब्लॉक के वडयूड़ा गांव में सोमवार रात भूस्खलन की चपेट में एक मकान आ गया. हादसे के वक्त घर में सो रही एक महिला और उसके दो बच्चों की मलबे में दबने से मौत हो गई. जिले के धार की तूनी इलाके में भी देर रात पहाड़ी से आए मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई. वहीं, भीमताल बाईपास के पास तेज बहाव में बहने से चार साल की बच्ची की मौत हो गई.

देहरादून और कोटद्वार में भी हादसे

देहरादून के प्रेमनगर इलाके में मंगलवार तड़के बारिश के पानी का बहाव अचानक तेज हो गया. बरसाती रपटे में पानी बढ़ने के कारण दो वाहन बह गए. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. कोटद्वार में भी भारी बारिश के कारण कोल्हू नदी उफान पर आ गई. तेज बहाव में एक महिला और उसकी एक साल की बेटी बह गईं. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है.

बारिश के कारण उत्तराखंड की कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. ऊधमसिंह नगर जिले में नदियों का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. नानकसागर बांध से 4,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. शारदा नदी का जलस्तर भी मंगलवार को एक लाख क्यूसेक के पार पहुंच गया. इसके चलते बैराज पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई. दोपहर करीब दो बजे नदी का जलस्तर 1,48,813 क्यूसेक दर्ज किया गया.

गुवाहाटी में भूस्खलन, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

असम में भी बारिश ने भारी तबाही मचाई है. गुवाहाटी में भूस्खलन की एक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई. लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. देश के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है.

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश

जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में मंगलवार को तेज बारिश हुई. पुंछ जिले में बारिश के बाद कई नाले उफान पर आ गए. पुंछ-मेंढर मार्ग पर मंगनाड़ गांव के पास नाला उफान पर आने से सड़क करीब दो घंटे तक बाधित रही. इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. कठुआ जिले के बिलावर और रामकोट इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला. पिछले 24 घंटे में कठुआ में 73 मिलीमीटर, कटड़ा में 62 मिलीमीटर और पुंछ में 38.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

राजोरी में नदी के बीच फंसे 6 बच्चों समेत 10 लोग

राजोरी जिले में भी मंगलवार को हुई भारी बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया. बढून इलाके में जमौला नदी का पानी बढ़ने से 6 बच्चों समेत 10 लोग नदी के बीच फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया. टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नदी के बीच फंसे सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस घटना के बाद प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है.

7 सितंबर तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने मानसून की सक्रियता को देखते हुए आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. IMD के ताजा पूर्वानुमान में उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है.

ये भी पढ़ें- कल फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP से बिहार तक भारी बारिश, 17 राज्यों में अलर्ट