रोहित, विराट के करियर से लेकर वर्ल्ड कप की प्लानिंग तक... आज BCCI की मीटिंग में इन मुद्दों पर होगी चर्चा

भारतीय क्रिकेट के लिए आज का दिन काफी अहम है. बीसीसीआई मुंबई में टीम इंडिया की समीक्षा बैठक करने जा रहा है. इस बैठक में मुख्य कोच गौतम गंभीर, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के शामिल होने की उम्मीद है.

Rohit and Virat careers to World Cup planning today BCCI meeting
Image Source: ANI

BCCI Meeting: भारतीय क्रिकेट के लिए आज का दिन काफी अहम है. बीसीसीआई मुंबई में टीम इंडिया की समीक्षा बैठक करने जा रहा है. इस बैठक में मुख्य कोच गौतम गंभीर, चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के शामिल होने की उम्मीद है. कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक से जुड़ने की चर्चा है.

बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे में मिली हार, आने वाले न्यूजीलैंड दौरे और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी पर बात होगी. इसके अलावा लगातार चोटिल हो रहे खिलाड़ियों, रोहित शर्मा के भविष्य और अजीत अगरकर के कार्यकाल को लेकर भी चर्चा हो सकती है. आइए 5 बड़े मुद्दों को समझते हैं.

रोहित, विराट और जडेजा के भविष्य पर चर्चा

2027 विश्व कप को देखते हुए रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा के भविष्य पर भी बात हो सकती है. विराट और जडेजा को लेकर फिलहाल ज्यादा सवाल नहीं उठ रहे हैं, लेकिन रोहित शर्मा लगातार चर्चा में हैं.

ऐसी खबरें सामने आती रही हैं कि चयन समिति के एक सदस्य ने रोहित को बताया था कि टीम अब उनसे आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है. हालांकि, लॉर्ड्स वनडे में रोहित ने शानदार शतक लगाया था. इसके बावजूद यह तय नहीं है कि वह अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए टीम का हिस्सा होंगे या नहीं.

खिलाड़ियों की चोट पर उठेंगे सवाल

बैठक में खिलाड़ियों की फिटनेस और चोट से उबरने की प्रक्रिया पर भी गंभीर चर्चा होने की उम्मीद है. अजीत अगरकर और गौतम गंभीर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में इलाज और अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर सवाल उठा सकते हैं.

हार्दिक पंड्या के अलावा जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी भी चोट के कारण लगातार परेशान रहे हैं. ऐसे में टीम प्रबंधन यह जानना चाहता है कि इन खिलाड़ियों की वापसी कब तक हो सकती है.

अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ेगा?

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म होने वाला है. हालांकि, समीक्षा बैठक में उनकी मौजूदगी से संकेत मिल रहा है कि बीसीसीआई उन्हें 2027 विश्व कप तक जिम्मेदारी में बनाए रखना चाहता है.

बोर्ड की कोशिश होगी कि कोच गौतम गंभीर, मुख्य चयनकर्ता अगरकर और वीवीएस लक्ष्मण के बीच बेहतर तालमेल बना रहे और तीनों एक ही रणनीति के साथ टीम की तैयारी करें.

हार्दिक पंड्या की फिटनेस सबसे बड़ी चिंता

2027 विश्व कप के लिए हार्दिक पंड्या टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं. लेकिन आईपीएल के बाद से उन्होंने कोई मुकाबला नहीं खेला है. वह बेंगलुरु में रहकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अभ्यास कर रहे हैं.

टीम प्रबंधन और चयनकर्ता यह जानना चाहते हैं कि हार्दिक कब तक पूरी तरह फिट होंगे और कब उन्हें 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए तैयार माना जाएगा. उनकी फिटनेस विश्व कप की योजना में बड़ा मुद्दा बन सकती है.

आयरलैंड और इंग्लैंड की हार से क्या सीख मिली?

आईपीएल के तुरंत बाद भारतीय टीम ने ब्रिटेन का दौरा किया था. उम्मीद थी कि टीम आयरलैंड को आसानी से हराएगी और इंग्लैंड को कड़ी चुनौती देगी, लेकिन दोनों ही दौरों पर भारतीय टीम को निराशा हाथ लगी.

अब टीम प्रबंधन इन हार से सबक लेकर न्यूजीलैंड दौरे में बेहतर प्रदर्शन करना चाहता है. इसके लिए टीम में 5-6 तेज गेंदबाजों को शामिल करने की योजना है. इनमें मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरुनूर बरार, जसप्रीत बुमराह और आकाशदीप जैसे नाम शामिल हैं. इस योजना में मोहम्मद शमी एक बार फिर बाहर दिखाई दे रहे हैं.