मैदान पर मुकाबला कितना भी तनावपूर्ण क्यों न हो, ऋषभ पंत अपने मजाकिया अंदाज से माहौल हल्का करना नहीं भूलते. विकेट के पीछे उनकी हाजिरजवाबी अक्सर स्टंप माइक में कैद हो जाती है और फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन जाती है. एक बार फिर पंत की ऐसी ही चुटीली टिप्पणी वायरल हो रही है. इस बार उनके निशाने पर टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल रहे. पंत ने जायसवाल के बॉलिंग एक्शन को लेकर ऐसी बात कही कि फैन्स अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.
यशस्वी जायसवाल के एक्शन पर पंत ने क्या कहा?
यह मजेदार वाकया वाशिंगटन सुंदर के ओवर के दौरान देखने को मिला. विकेट के पीछे खड़े ऋषभ पंत कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान पंत ने कहा कि वह लेग स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं. इसके बाद जायसवाल की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने मजाक में कहा कि अगर किसी को थोड़ा अजीब या गंदा सा बॉलिंग एक्शन चाहिए, तो जायसवाल ऐसा कर सकते हैं.
पंत की यह टिप्पणी स्टंप माइक में साफ सुनाई दी. इसके बाद इस बातचीत की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी. फैन्स को भारतीय खिलाड़ियों के बीच यह दोस्ताना नोकझोंक काफी पसंद आ रही है.
Pant has no filters behind the stumps! 😂 Watch #NZvIND LIVE on #SonyLIV & #SonySportsNetwork 📺 https://t.co/Qh3NQn0XqC
— Sony LIV (@SonyLIV) November 22, 2026
देवदत्त पडिक्कल की भी ले चुके हैं फिरकी
ऋषभ पंत का मैदान पर मजाकिया अंदाज नया नहीं है. वह विकेट के पीछे लगातार खिलाड़ियों से बातचीत करते रहते हैं. कभी गेंदबाजों का हौसला बढ़ाते हैं, तो कभी साथी खिलाड़ियों पर मजेदार टिप्पणियां कर माहौल खुशनुमा बना देते हैं. इससे पहले भी पंत ने देवदत्त पडिक्कल की गेंदबाजी पर चुटकी ली थी. जब पडिक्कल गेंदबाजी कर रहे थे और उन्हें पिच से मनमुताबिक टर्न नहीं मिल रहा था, तब पंत ने मजाकिया अंदाज में कहा था, 'देवा, खा ले यहां से मेवा.'
मैदान पर दबाव के बीच पंत की ऐसी टिप्पणियां भारतीय टीम के खिलाड़ियों के बीच दोस्ताना माहौल की झलक दिखाती हैं. यही वजह है कि उनके मजेदार कमेंट अक्सर फैन्स का ध्यान खींच लेते हैं.
यह भी पढ़ें: कभी पंत के शॉट पर भड़के थे गावस्कर, अब शतक जड़ते ही खड़े होकर बजाईं तालियां