खड़गपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित IIT पहुंचे. यहां संस्थान के 75 साल पूरे होने पर प्लेटिनम जुबली समारोह आयोजित किया गया था. इस दौरान प्रधानमंत्री ने संस्थान की उपलब्धियों, भारत के तकनीकी विकास और देश के भविष्य को लेकर अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर सिर्फ एक शिक्षण संस्थान नहीं है, बल्कि यहां भारत के अतीत, वर्तमान और भविष्य की झलक एक साथ दिखाई देती है. उनके मुताबिक, यहां मौजूद युवा प्रतिभाएं आने वाले समय में देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगी.
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने संस्थान के पुराने दिनों को याद करने के साथ भविष्य की चुनौतियों पर भी बात की. इस दौरान पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत कई लोग मौजूद रहे.
खराब मौसम के कारण देरी से पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कार्यक्रम में देर से पहुंचने के लिए माफी मांगकर की. उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण उनका तय समय पर पहुंचना संभव नहीं हो पाया. इसके बाद उन्होंने सड़क के रास्ते कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन इसमें भी काफी समय लग गया.
पीएम मोदी ने कहा कि वह समय पर कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे, लेकिन मौसम की वजह से ऐसा नहीं हो सका. उन्होंने देरी के लिए वहां मौजूद लोगों से खेद जताया.
बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक पहुंचा भारत
IIT खड़गपुर के 75 साल के सफर को भारत के विकास से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इन दशकों में देश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. भारत ने तकनीक, संचार और परिवहन के क्षेत्र में लंबा सफर तय किया है.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक और चिट्ठियों से सोशल मीडिया संदेशों तक का दौर देखा है. यह बदलाव बताता है कि भारत ने किस तरह समय के साथ खुद को बदला है. प्रधानमंत्री ने संस्थान के छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पूर्व विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी.
छात्रों में दिखाई देता है देश का आने वाला कल
प्रधानमंत्री ने कहा कि IIT खड़गपुर में अनुभवी लोगों के साथ नई पीढ़ी की प्रतिभाएं भी मौजूद हैं. उनके सामने ऐसे युवा हैं, जिनके विचार और नई खोजें देश की दिशा बदल सकती हैं.
#WATCH | Kharagpur, West Bengal: (Video Source: DD News) Prime Minister Narendra Modi reaches IIT Kharagpur and interacts with students and professors. The Prime Minister is participating in the Platinum Jubilee celebrations at IIT Kharagpur. https://t.co/Fbp3fHUZrQ
— ANI (@ANI) November 21, 2026
उन्होंने कहा कि संस्थान के 75 साल पूरे होने का अवसर केवल पुरानी उपलब्धियों को याद करने तक सीमित नहीं है. यह आने वाले वर्षों में भारत की तकनीकी क्षमता और नई संभावनाओं को समझने का भी मौका है.
छेदीस की चाय और दिवाली की रोशनी को किया याद
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने IIT खड़गपुर के छात्र जीवन से जुड़ी पुरानी परंपराओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि संस्थान से पढ़कर निकले कई विद्यार्थियों को आज भी छेदीस पर दोस्तों के साथ चाय पीते हुए की गई चर्चाएं याद आती होंगी.
उन्होंने यहां दिवाली के दौरान होने वाले आयोजनों की भी तारीफ की. प्रधानमंत्री ने कहा कि IIT खड़गपुर में दिवाली का माहौल बेहद खास होता है. अलग-अलग हॉस्टल के बीच होने वाली रोशनी और इल्यूमिनेशन प्रतियोगिता इस उत्सव को यादगार बना देती है. उन्होंने प्रतियोगिता जीतने वाले छात्रों को बधाई दी और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर विजेता ही अपनी जीत पर तालियां नहीं बजाएंगे तो फिर कौन बजाएगा.
जहां कभी स्वतंत्रता सेनानी रहे, वहां आज तैयार हो रहे नए भारत के युवा
IIT खड़गपुर के इतिहास की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने इसके स्थान से जुड़ी एक खास बात बताई. उन्होंने कहा कि जिस जगह आज यह संस्थान खड़ा है, वहां कभी स्वतंत्रता सेनानियों को नजरबंद रखने के लिए डिटेंशन कैंप बनाया गया था.
पीएम मोदी ने कहा कि उस दौर में यहां रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी देश की आजादी और भारत के भविष्य को लेकर चर्चा करते होंगे. उनके मन में एक मजबूत और स्वतंत्र भारत का सपना रहा होगा. आज उसी जगह पर युवा अपनी प्रतिभा और नए विचारों के जरिए देश को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि IIT खड़गपुर के विद्यार्थियों के नए प्रयोग और खोज भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर सकते हैं. यह स्थान आज भी युवाओं को देश के लिए कुछ नया करने की प्रेरणा देता है.
शौचालय बनाने की बात पर संसद में उड़ाया गया था मजाक
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की योजनाओं और गरीबों की जरूरतों को लेकर भी बात की. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने लाल किले से देश के गरीब परिवारों के लिए शौचालय बनाने की बात कही थी, तब संसद में कुछ लोगों ने उनका मजाक उड़ाया था.
पीएम मोदी ने कहा कि उस समय कुछ लोगों को यह समझ नहीं आया कि गरीब परिवारों और महिलाओं के लिए शौचालय कितनी बड़ी जरूरत है. उन्होंने कहा कि ऐसी सोच के कारण लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं को जरूरी महत्व नहीं मिला.
#WATCH | West Bengal: (Video Source: DD News) Prime Minister Narendra Modi reaches IIT Kharagpur and interacts with students. The Prime Minister is participating in the Platinum Jubilee celebrations of IIT Kharagpur. https://t.co/LeJ99doEAD
— ANI (@ANI) November 21, 2026
प्रधानमंत्री के मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में सरकार ने इस सोच को बदलने और गरीबों को सुविधाएं देकर सशक्त बनाने की दिशा में काम किया है. उन्होंने 'पावर टू एंपावर' के विचार का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करना और उनका जीवन आसान बनाना है.
इस दौरान उन्होंने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं.
सेमीकंडक्टर के मामले में भारत ने बदली अपनी दिशा
प्रधानमंत्री ने भारत के सेमीकंडक्टर उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय देश में चिप बनाने की कोशिशों को गंभीरता से नहीं लिया गया. उन्होंने बताया कि करीब 50 साल पहले एक कंपनी भारत में सेमीकंडक्टर बनाने के लिए आई थी, लेकिन उसे आगे बढ़ने का मौका नहीं मिला और वह वापस चली गई.
पीएम मोदी ने कहा कि लंबे समय तक देश में यह सवाल उठाया जाता रहा कि भारत सेमीकंडक्टर बनाकर क्या हासिल करेगा. लेकिन उनकी सरकार ने इस सोच को बदलने का फैसला किया और इस क्षेत्र में काम शुरू किया.
उन्होंने बताया कि अधिकारियों के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर निर्माण की योजना तैयार की गई. प्रधानमंत्री के अनुसार, अब चार साल के भीतर देश में कई सेमीकंडक्टर सुविधाएं शुरू हो चुकी हैं और भारत चिप्स का निर्यात भी करने लगा है.
उन्होंने कहा कि तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए भारत का यह प्रयास आने वाले समय में देश की आर्थिक और औद्योगिक ताकत बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें- पाताल में सैन्य ठिकाने, आसमान में राफेल... चिकन नेक को हाथी का पैर बनाने में जुटा भारत! जानें प्लान