भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट में ऋषभ पंत ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से महफिल लूट ली. चौथे दिन पंत ने शानदार शतक जड़ा तो कमेंट्री बॉक्स में बैठे दिग्गज सुनील गावस्कर भी खुद को रोक नहीं पाए. वह मुस्कुराते हुए अपनी जगह से खड़े हुए और तालियां बजाकर पंत की तारीफ की. अब गावस्कर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस पल की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि 2024-25 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान पंत के एक गैर-जिम्मेदाराना शॉट पर गावस्कर ने नाराजगी जताई थी. उस वक्त उन्होंने कमेंट्री के दौरान 'स्टुपिड, स्टुपिड, स्टुपिड' कहा था. अब पंत के शतक पर उनका खड़े होकर तालियां बजाना फैंस को खूब पसंद आ रहा है.
छक्का लगाकर 135 गेंदों में पूरा किया शतक
तीसरे दिन के खेल के बाद 55 रन पर नाबाद लौटे पंत ने चौथे दिन भी अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी. उनके साथ नाइटवॉचमैन अंशुल कम्बोज क्रीज पर मौजूद थे. पंत ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया. उन्होंने रिवर्स स्वीप और आगे बढ़कर ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ छक्का जड़कर दर्शकों का मनोरंजन किया.
पंत जब 99 रन पर पहुंचे तो उन्होंने शतक पूरा करने के लिए भी आक्रामक रास्ता चुना. ऑफ स्पिनर ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से शानदार छक्का लगाकर उन्होंने 135 गेंदों में अपना नौवां टेस्ट शतक पूरा किया. शतक के बाद उन्होंने आसमान की ओर देखकर अपने खास अंदाज में जश्न मनाया. इसी दौरान कमेंट्री बॉक्स में बैठे गावस्कर भी खड़े होकर तालियां बजाते नजर आए.
Tough critic, but an even bigger admirer! 🫡👏 Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand, 1st Test Day 4, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyLIV #NZvIND https://t.co/omYeno8uIO
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 22, 2026
128 रन बनाकर आउट हुए ऋषभ पंत
ऋषभ पंत की शानदार पारी का अंत 153 गेंदों में 128 रन पर हुआ. उन्होंने अपनी इस पारी में 10 चौके और 6 छक्के लगाए. रचिन रवींद्र की गेंद पर पंत के बल्ले से टॉप एज लगा और डीप मिडविकेट पर खड़े नाथन स्मिथ ने उनका कैच लपक लिया. हालांकि, आउट होने से पहले वह भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे.
पंत ने बनाए ये बड़े रिकॉर्ड
इस शतक के साथ ऋषभ पंत ने कई खास उपलब्धियां अपने नाम कीं. वह न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा वह दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यानी चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाज भी बन गए हैं.
पंत की इस पारी के साथ केएल राहुल ने भी भारत के लिए शानदार बल्लेबाजी की. राहुल ने 136 रन बनाए. दोनों की शतकीय पारियों और अन्य बल्लेबाजों के योगदान की बदौलत भारत ने पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की. यह न्यूजीलैंड की धरती पर किसी भी टीम का टेस्ट क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. भारत ने पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त हासिल की.
यह भी पढ़ें: आज फिर होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, इस महीने तीसरी बार भिड़ेंगी टीमें, जानें किसका पलड़ा भारी