BJP के OBC मोर्चा की नई टीम का ऐलान, नितिन नवीन ने जारी की पदाधिकारियों की पूरी सूची

BJP OBC Morcha New Team: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ओबीसी मोर्चा के लिए 7 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, 3 राष्ट्रीय महामंत्रियों और 7 राष्ट्रीय मंत्रियों समेत कई पदों पर नियुक्तियां की हैं. नई टीम में 37 राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और युजवेंद्र चहल समेत 3 विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल हैं.

BJP Announces New OBC Morcha National Team Appointments
Image Source: Social Media

BJP OBC Morcha New Team: भारतीय जनता पार्टी ने अपने ओबीसी मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करते हुए नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की नियुक्तियों की सूची जारी की. इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री से लेकर मीडिया, सोशल मीडिया और नीति एवं शोध से जुड़े पदों पर भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. पार्टी ने नियुक्तियों की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की है. 

सात नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भाजपा की नई सूची में ओबीसी मोर्चा के लिए सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं. इनमें असम से जोगेन मोहन, ओडिशा से ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश से संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद, महाराष्ट्र से बबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली से सत प्रकाश राणा और बिहार से डॉ. अर्जुन साहनी को जिम्मेदारी दी गई है. वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर दिल्ली से गजेंद्र यादव, कर्नाटक से प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ से ललित चंद्राकार को नियुक्त किया गया है.

राष्ट्रीय मंत्री और अन्य पदों पर भी नई नियुक्तियां

राष्ट्रीय मंत्री के पद पर गुजरात से दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु से टी. वरथराजन, झारखंड से संजीव कुमार (बबलू भगत), हरियाणा से सरिता जांगिड़, तेलंगाना से कडगंची रमेश, मध्य प्रदेश से वैभव पंवार और बिहार से भीम कुमार साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, दिल्ली के संजय कुमार गुर्जर को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और डॉ. अरुण यादव को राष्ट्रीय सह-कार्यालय मंत्री बनाया गया है. बिहार के अजय गुप्ता को मीडिया संयोजक, दिल्ली के परीक्षित डागर को सोशल मीडिया संयोजक और मध्य प्रदेश के प्रदीप माहौर सोनी को सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है. नीति एवं शोध संयोजक की जिम्मेदारी प्रो. पंकज चौधरी को मिली है, जबकि ओडिशा के आशुतोष बेहेरा और उत्तर प्रदेश के राहुल यादव को इस विभाग का सह-संयोजक बनाया गया है.

37 नेताओं को राष्ट्रीय कार्यसमिति में मिली जगह

भाजपा ने ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में 37 सदस्यों को शामिल किया है. इनमें अंडमान-निकोबार से संजीव रंगैया, आंध्र प्रदेश से श्रीनिवास राव कंटुबुक्ता, बिहार से राजीव रंजन (विशाल यादव), चंडीगढ़ से संजीव वर्मा, छत्तीसगढ़ से खम्हन ताम्रकार, दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव से विशाल तंडेल, दिल्ली से श्वेता सैनी, गोवा से शशिकांत सावंत, गुजरात से महेंद्रभाई झुंगी, हरियाणा से अवनीत कौर और रामेश्वर प्रजापति, हिमाचल प्रदेश से ओपी चौधरी, जम्मू-कश्मीर से सज्जाद हुसैन कुमार और बोधराज मेहरा तथा झारखंड से देव नारायण प्रजापति शामिल हैं.

इनके अलावा केरलम से एवी अरुण प्रकाश, मध्य प्रदेश से सीताराम बाथम और समीक्षा गुप्ता, महाराष्ट्र से राहुल गोविंद केंद्रे, मणिपुर से एल. गोपाल सिंह, मेघालय से विनोद राय, मुंबई से हर्षदा फरांदे और डॉ. स्मिता आर. काले, नागालैंड से प्रभाकर यादव, ओडिशा से प्रशांत नायक, पंजाब से राजिंदर बिट्टा और सरदार हरविंदर सिंह ढिल्लों, राजस्थान से जगदीश देवासी और संगीता सोलंकी, सिक्किम से गिरीश चंद्र राय, तेलंगाना से भानु प्रकाश मुधिराज, त्रिपुरा से गोपाल चंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश से भुवन भूषण कमल और डॉ. ऋचा राजपूत, उत्तराखंड से महेंद्र धीमान तथा पश्चिम बंगाल से अजीत दास और मीनाक्षी कर्मकार दास को जगह दी गई है.

युजवेंद्र चहल समेत तीन विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त

राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्यों के तौर पर भी तीन नाम शामिल किए गए हैं. ओडिशा से प्रो. अद्वैत चरण गणनायक, दिल्ली से क्रिकेटर युजवेंद्र सिंह चहल और उत्तर प्रदेश से अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. इस तरह भाजपा की नई घोषणा में ओबीसी मोर्चा के विभिन्न संगठनात्मक पदों के साथ राष्ट्रीय कार्यसमिति और विशेष आमंत्रित सदस्यों की नियुक्तियां भी शामिल हैं. 

ये भी पढ़ें- 'एक साल तक सोना मत खरीदिए...', PM मोदी की देशवासियों से फिर अपील, बोले- मेरी बात मानी तो गिर गए सोने के दाम