490 दिन बाद भी ऑपरेशन सिंदूर के जख्म भर रहा पाकिस्तान, सामने आई चौंकाने वाली तस्वीर

Pak Sargodha Airbase: ऑपरेशन सिंदूर को करीब 490 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस पर हमले के निशान अब भी नजर आ रहे हैं. नई सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि पाकिस्तान एयरफोर्स के मुशफ एयरबेस के रनवे पर अभी भी मरम्मत का काम चल रहा है.

Repairs Pakistan Sargodha Airbase even 490 days Operation Sindoor satellite images
Image Source: Social Media

Pak Sargodha Airbase: ऑपरेशन सिंदूर को करीब 490 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस पर हमले के निशान अब भी नजर आ रहे हैं. नई सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि पाकिस्तान एयरफोर्स के मुशफ एयरबेस के रनवे पर अभी भी मरम्मत का काम चल रहा है. यह वही एयरबेस है, जिसे 10 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान निशाना बनाया गया था.

पाकिस्तान अब तक नहीं ठीक कर पाया रनवे

12 सितंबर 2026 की वेंटर सैटेलाइट तस्वीर में रनवे और टैक्सी-ट्रैक के जंक्शन के पास जमीन और डामर का एक हिस्सा बाकी जगह से अलग दिखाई दे रहा है. यह हिस्सा गहरा और अनियमित नजर आता है, जिससे यहां खुदाई या दोबारा सतह तैयार करने का काम चलने का संकेत मिलता है.

सरगोधा का मुशफ एयरबेस लाहौर से करीब 172 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में और भारत-पाकिस्तान सीमा के पास अमृतसर से करीब 200 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है. ताजा तस्वीरों में रनवे के अलग-अलग हिस्सों पर भी मरम्मत और दोबारा सतह तैयार करने का काम दिखाई देता है. एक हिस्सा ज्यादा गहरा और चिकना नजर आता है, जबकि दूसरे हिस्से पर काम पूरा होता नहीं दिख रहा है.

सरगोधा एयरबेस पर फिर शुरू हुई मरम्मत

रिपोर्ट के मुताबिक, रनवे के उत्तरी हिस्से में उस जगह पर फिर से काम किया जा रहा है, जहां पहले मिसाइल के हमले से नुकसान हुआ था. शुरुआती मरम्मत के बाद बनाए गए पैच को अब दोबारा खोदकर नीचे की परत यानी सब-ग्रेड लेवल तक ले जाया गया है. इससे संकेत मिलता है कि इस हिस्से को ऊपर से पैच करने के बजाय पूरी गहराई से दोबारा तैयार किया जा रहा है.

सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि पहले की गई मरम्मत के बाद सतह से जुड़ी कुछ दिक्कतें सामने आई होंगी, जिसके कारण प्रभावित हिस्से को फिर से खोलकर काम करना पड़ा. हालांकि, तस्वीरों से मरम्मत की वजह का निश्चित तौर पर पता नहीं चलता.

ये भी पढ़ें- बस इतने दिन... और पाकिस्तानियों का हो जाएगा हाल बेहाल, हूती लड़ाकों ने कर दिया ये कांड