WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन के फाइनल में इतिहास रच दिया गया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 204 रनों जैसे रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी बार WPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली है. बड़े मंच पर RCB का आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज शुरू से ही साफ नजर आया, जिससे फाइनल मुकाबला पूरी तरह एकतरफा बन गया.
मंधाना–वॉल की रिकॉर्ड साझेदारी से बदला मैच का रुख
RCB की जीत के हीरो कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल रहे, जिन्होंने दूसरे विकेट के लिए 165 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी कर दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी तोड़ दी. स्मृति मंधाना ने 87 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि जॉर्जिया वॉल ने 79 रन बनाकर दबाव को पूरी तरह खत्म कर दिया. इस साझेदारी ने फाइनल की तस्वीर कुछ ही ओवरों में साफ कर दी.
दिल्ली कैपिटल्स की चौथी फाइनल हारी
RCB ने 204 रनों के लक्ष्य को महज 19.4 ओवर में हासिल कर लिया और जीत पर मुहर लगा दी. दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह हार बेहद दर्दनाक रही, क्योंकि टीम विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में लगातार चौथे सीजन फाइनल में पहुंचने के बावजूद ट्रॉफी नहीं जीत सकी. एक बार फिर खिताब दिल्ली की पहुंच से दूर रह गया, जबकि RCB ने जश्न के साथ इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया.
ये भी पढ़ें: भारत से मैच नहीं हुआ तो पाकिस्तान हो जाएगा कंगाल! ब्रॉडकास्टर्स ठोकेंगे मुकदमा, ICC रोक सकता है फंड