चीनी बंदरगाह पर आग का तांडव, विदेशी कार्गो शिप में लगी भीषण आग, 20 लोगों की मौत

चीन के शेडोंग प्रांत से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. किंगदाओ के बेहाई शिपयार्ड में रखरखाव के लिए खड़े एक विदेशी झंडे वाले मालवाहक जहाज में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई.

qingdao-shipyard-cargo-ship-fire-china-deaths-rescue
Image Source: Social Media

चीन के शेडोंग प्रांत से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. किंगदाओ के बेहाई शिपयार्ड में रखरखाव के लिए खड़े एक विदेशी झंडे वाले मालवाहक जहाज में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. शुरुआती रिपोर्टों में कम से कम 20 लोगों की मौत की बात कही जा रही है, हालांकि चीन की ओर से अभी तक हताहतों की सटीक संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

जहाज में लगी भीषण आग

घटना किंगदाओ स्थित बेहाई शिपबिल्डिंग कंपनी लिमिटेड के बंदरगाह पर हुई, जहां जहाज को मेंटेनेंस के लिए खड़ा किया गया था. गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे अचानक जहाज में आग भड़क उठी. सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, हादसे में भारी जानमाल के नुकसान की सूचना है. फिलहाल आग लगने की वजह और आग पर पूरी तरह काबू पाने को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह शिपयार्ड चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन की प्रमुख सहायक कंपनी के तौर पर संचालित होता है.

शी चिनफिंग और ली कियांग ने दिए निर्देश

हादसे के बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने संबंधित विभागों को लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने घटना से सबक लेते हुए सभी तरह के अग्नि जोखिमों की व्यापक जांच और उन्हें रोकने के उपाय करने को कहा. वहीं, प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी लापता लोगों की तत्काल खोज और बचाव के साथ घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से किसी भी तरह की द्वितीयक आपदा को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा.

हादसे के कारणों की जांच जारी

फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान लापता लोगों की तलाश, राहत-बचाव और घायलों के उपचार पर है. आग किस वजह से लगी और जहाज पर उस समय कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है. अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है और आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: F-15 से लेकर A-10 थंडरबोल्ट तक... ईरानी हमले में अमेरिका को भारी नुकसान, 9 फाइटर जेट हुए तबाह