BRICS Summit: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली में तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं. 12 और 13 सितंबर को होने वाले इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विदेशी मेहमानों और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और आवाजाही पर प्रतिबंध लागू रहेंगे. हालांकि, दिल्ली पूरी तरह बंद नहीं होगी और आम लोगों के लिए मेट्रो समेत कई जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी. ऐसे में जानते हैं कि 11 से 13 सितंबर के दौरान राजधानी में क्या खुलेगा और किन सेवाओं पर असर पड़ेगा.
11 सितंबर को स्कूल और सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद
ब्रिक्स सम्मेलन के चलते 11 सितंबर को दिल्ली में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दिन दिल्ली शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल बंद रहेंगे. इसके अलावा दिल्ली सरकार के दफ्तर, स्वायत्त निकाय और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी बंद रहेंगे. दूसरी ओर, बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे, क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक के अवकाश कैलेंडर में 11 सितंबर को बैंक हॉलिडे के तौर पर शामिल नहीं किया गया है.
मेट्रो सेवा रहेगी चालू लेकिन ट्रैफिक पर नजर जरूरी
दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि ब्रिक्स समिट के दौरान पूरी दिल्ली में मेट्रो सेवा बंद नहीं की जाएगी. दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क अगले आदेश तक सामान्य रूप से संचालित रहेगा. हालांकि, वीवीआईपी काफिलों और सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और अस्थायी रोक लग सकती है. ऐसे में सेंट्रल दिल्ली और वीवीआईपी रूट से होकर जाने वाले लोगों को सफर के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है. सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा और 14 सितंबर को साप्ताहिक अवकाश के बाद 15 सितंबर से दोबारा खुलेगा.
रेलवे और हवाई सेवाओं पर भी पड़ेगा असर
ब्रिक्स सम्मेलन का असर दिल्ली आने-जाने वाली रेल और हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिलेगा. राजधानी में 26 ट्रेनें रद्द की गई हैं, जबकि एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है. इसके अलावा कई ट्रेनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा और कुछ सेवाओं में देरी भी हो सकती है. हवाई यातायात को लेकर भी 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली के करीब 300 किलोमीटर के दायरे में नॉन-शेड्यूल्ड उड़ानों पर रोक रहेगी.
राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान भी आम लोगों के लिए बंद
सुरक्षा कारणों से 13 सितंबर तक राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन म्यूजियम और अमृत उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेंगे. शनिवार को राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में होने वाली ‘चेंज ऑफ गार्ड’ सेरेमनी भी आयोजित नहीं की जाएगी. वहीं, निजी दफ्तरों में सामान्य कामकाज जारी रहेगा, लेकिन सेंट्रल दिल्ली और वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में कर्मचारियों को ट्रैफिक प्रतिबंधों और संभावित देरी का सामना करना पड़ सकता है.
12-13 सितंबर को दिल्ली में होगा बड़ा BRICS सम्मेलन
भारत की अध्यक्षता में 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में मुख्य ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इस बार ब्रिक्स अपनी 20वीं वर्षगांठ भी मना रहा है. सम्मेलन में भारत के अलावा 11 सदस्य देश, 10 सहयोगी देश और विभिन्न क्षेत्रीय समूहों की अध्यक्षता कर रहे पांच देश हिस्सा लेंगे. रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया संकट, ऊर्जा सुरक्षा, वैश्विक व्यापार और बदलती आर्थिक परिस्थितियों के बीच होने वाला यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- BRICS Summit: BRICS Summit के लिए भारत पहुंचे Putin! PM Modi से आज होगी बड़ी मुलाकात