India Nuclear Warheads: अमेरिका की फेडरेशन ऑफ अमेरिकन साइंटिस्ट्स (FAS) की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत अपने परमाणु हथियारों का जखीरा तेजी से बढ़ा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने अपने भंडार में 30 नए परमाणु हथियार जोड़े हैं, जिससे कुल संख्या 190 हो गई है. यह पाकिस्तान के अनुमानित 170 परमाणु हथियारों से 20 ज्यादा है. रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत जल्द ही परमाणु हथियारों की संख्या के मामले में ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ सकता है.
भारत तेजी से आधुनिक कर रहा परमाणु जखीरा
अमेरिकी थिंक टैंक ने बुधवार को ‘इंडियाज न्यूक्लियर वेपन्स-2026’ नाम से रिपोर्ट जारी की. इसमें कहा गया है कि भारत अपने परमाणु हथियारों को लगातार आधुनिक बना रहा है. पिछले कुछ वर्षों में कई नए हथियार सिस्टम तैनात किए गए हैं, जबकि कई अन्य पर काम चल रहा है. ये सिस्टम मौजूदा परमाणु क्षमता वाले लड़ाकू विमानों, जमीन से लॉन्च होने वाली प्रणालियों और समुद्र आधारित सिस्टम की जगह ले सकते हैं या उनके साथ इस्तेमाल किए जा सकते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक भारत इस समय परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम 9 सिस्टम इस्तेमाल कर रहा है. इनमें दो एयरक्राफ्ट, जमीन से मार करने वाली 6 बैलिस्टिक मिसाइल और समुद्र से मार करने वाली एक बैलिस्टिक मिसाइल शामिल है. इसके अलावा कम से कम दो नए परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम सिस्टम विकसित किए जा रहे हैं और इनके जल्द तैयार होने की उम्मीद है.
भारत के पास 190 न्यूक्लियर वॉरहेड
FAS के अनुमान के मुताबिक भारत की मौजूदा ऑपरेशनल फोर्स 160 से ज्यादा परमाणु हथियार दाग सकती है. इसके अलावा निर्माणाधीन मिसाइलों के लिए भी अतिरिक्त हथियार तैयार किए गए हैं. इन्हें मिलाकर भारत के पास कुल करीब 190 न्यूक्लियर वॉरहेड होने का अनुमान है. रिपोर्ट में कहा गया है कि नए हथियार सिस्टम विकसित होने के साथ भारत के परमाणु भंडार में और बढ़ोतरी हो सकती है.
FAS के मुताबिक भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जो हाईली एनरिच्ड यूरेनियम (HEU) और वेपन-ग्रेड प्लूटोनियम दोनों का उत्पादन कर रहे हैं. माना जाता है कि भारत का HEU उत्पादन मुख्य रूप से जहाजों और पनडुब्बियों के ईंधन के लिए किया जाता है.
रिपोर्ट के अनुसार भारत ने करीब 730 किलोग्राम वेपन-ग्रेड प्लूटोनियम तैयार किया है, हालांकि इसमें करीब 170 किलोग्राम का मार्जिन ऑफ एरर है. एक परमाणु हथियार के लिए लगभग 4 किलोग्राम प्लूटोनियम की जरूरत होती है. इस हिसाब से भारत के पास मौजूद सामग्री से करीब 140 से 225 परमाणु हथियार बनाए जा सकते हैं.
पाकिस्तान के बाद ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ सकता है भारत
हाल ही में SIPRI की रिपोर्ट में भारत और पाकिस्तान के पास 170-170 परमाणु हथियार बताए गए थे. हालांकि, FAS की नई रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक भारत के पास अब 190 परमाणु हथियार हैं और वह पाकिस्तान से आगे निकल चुका है. वहीं, ब्रिटेन के पास अनुमानित 225 परमाणु हथियार हैं. ऐसे में भारत आने वाले समय में ब्रिटेन के करीब पहुंच सकता है.
रूस और अमेरिका के पास 86% परमाणु हथियार
रूस और अमेरिका के पास मिलकर दुनिया के कुल परमाणु हथियारों का करीब 86 प्रतिशत हिस्सा है. रूस के पास अनुमानित 5,420 परमाणु हथियार हैं और वह दुनिया में पहले स्थान पर है. अमेरिका 5,042 हथियारों के साथ दूसरे नंबर पर है. चीन करीब 620 वॉरहेड्स के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि फ्रांस के पास करीब 370 परमाणु हथियार हैं. ब्रिटेन के पास अनुमानित 225 परमाणु हथियार बताए गए हैं.
ये भी पढ़ें- Indian Economy: दुनिया का ग्रोथ इंजन बना भारत... महंगाई और युद्ध के बीच GDP की रफ्तार ने IMF को चौंकाया