नाटो को पुतिन का सख्त संदेश, यूक्रेन पर रूस ने किए भीषण हमले, कई लोगों की मौत

Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने का दावा किया है. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी सेना ने राजधानी कीव समेत कई इलाकों में मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया.

Putin stern message to NATO Russia launches fierce attacks on Ukraine resulting in multiple deaths
Image Source: Social Media

Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई करने का दावा किया है. रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी सेना ने राजधानी कीव समेत कई इलाकों में मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. 

रूस का कहना है कि इन हमलों का निशाना यूक्रेन के सैन्य ठिकाने, ड्रोन बनाने वाले केंद्र, एयरफील्ड और ईंधन भंडारण सुविधाएं थीं. वहीं यूक्रेन की शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन हमलों में कई लोगों की जान गई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं.

ओडेशा के ड्रोन केंद्र पर हमला

रूस ने दावा किया है कि उसने ओडेशा में मौजूद एक ड्रोन निर्माण केंद्र को नष्ट कर दिया. रूस का कहना है कि यहां तैयार होने वाले ड्रोन का इस्तेमाल उसकी ऑयल रिफाइनरियों और अन्य अहम ठिकानों पर हमलों के लिए किया जा रहा था. रूसी रक्षा मंत्रालय ने इस कार्रवाई का एक ड्रोन वीडियो भी जारी किया है. हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

स्टारलिंक टर्मिनलों को भी बनाया निशाना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन में लगे कुछ स्टारलिंक टर्मिनलों को भी निशाना बनाया. रूस का दावा है कि इन टर्मिनलों के जरिए यूक्रेनी ड्रोन को इंटरनेट और सैटेलाइट कनेक्टिविटी मिलती है, जिससे वे हमले कर पाते हैं. हालांकि, इस दावे की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

कीव में कई जगह हुए धमाके

यूक्रेन की राजधानी कीव में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जोरदार धमाके हुए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहर के 28 अलग-अलग स्थानों पर हमले हुए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है, जबकि 38 लोग घायल हुए हैं. राहत एजेंसियों का मानना है कि कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं, इसलिए बचाव अभियान जारी है.

जेलेंस्की लौटे कीव

हमलों के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपनी आयरलैंड यात्रा बीच में ही छोड़ दी और तुरंत कीव लौट आए. माना जा रहा है कि वह सुरक्षा स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए वापस पहुंचे हैं.

ये भी पढ़ें- भारत की वाटर स्ट्राइक से पाकिस्तान में हाहाकार! एक साल में कितना जल रोका? पहली बार सामने आया डेटा