नौकरी की तलाश का तरीका तेजी से बदल रहा है. पहले जहां लोग अखबार, जॉब पोर्टल और लिंक्डइन जैसे प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म्स पर भरोसा करते थे, वहीं अब बढ़ती भीड़ और कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते उम्मीदवार अपरंपरागत रास्तों की ओर मुड़ रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि आज कई लोग टिंडर, बंबल और हिंज जैसे डेटिंग ऐप्स का इस्तेमाल सिर्फ रिश्तों के लिए नहीं, बल्कि जॉब, रेफरल और इंटरव्यू तक पहुंचने के लिए कर रहे हैं—और कई मामलों में उन्हें सफलता भी मिल रही है.
हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, हर तीन में से एक डेटिंग ऐप यूजर ने इन प्लेटफॉर्म्स का उपयोग नौकरी की तलाश या प्रोफेशनल कनेक्शन बनाने के लिए किया है. यह बदलाव ऐसे वक्त में आया है जब जॉब मार्केट में प्रतिस्पर्धा रिकॉर्ड स्तर पर है और AI आधारित स्क्रीनिंग की वजह से कई योग्य उम्मीदवारों के रिज्यूमे शुरुआती दौर में ही छंट जाते हैं. अमेरिका में किए गए एक सर्वे में कई प्रतिभागियों ने माना कि इस नए तरीके से उन्हें सीधे फैसले लेने वालों से जुड़ने का मौका मिला. आंकड़ों के मुताबिक, 39% लोगों ने डेटिंग ऐप्स के जरिए इंटरव्यू शेड्यूल कर पाए, जबकि 37% को जॉब ऑफर तक मिला.
लोग इस रास्ते को क्यों चुन रहे हैं?
सर्वे में शामिल 42% प्रतिभागियों का कहना था कि पारंपरिक जॉब प्लेटफॉर्म्स पर नौकरी ढूंढना अब पहले से कहीं ज्यादा कठिन हो गया है. एक तरफ ऑनलाइन पोर्टल्स पर उम्मीदवारों की भरमार है, दूसरी तरफ रिक्रूटर्स AI टूल्स से ऑटोमैटिक फिल्टरिंग कर रहे हैं, जिससे कई प्रोफाइल्स बिना देखे ही बाहर हो जाती हैं. इसके उलट, डेटिंग ऐप्स पर लोगों को वन-टू-वन बातचीत का मौका मिलता है. यहां उम्मीदवार सीधे उन प्रोफेशनल्स से जुड़ पा रहे हैं जो इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं, रेफरल दे सकते हैं या सही दिशा दिखा सकते हैं. यही वजह है कि कई लोग इन ऐप्स को अब सिर्फ डेटिंग नहीं, बल्कि नेटवर्किंग टूल के तौर पर देखने लगे हैं.
बदलते दौर में बदलता जॉब सर्च
यह ट्रेंड दिखाता है कि आज के समय में नौकरी पाने के लिए सिर्फ डिग्री या रिज्यूमे काफी नहीं, बल्कि सही कनेक्शन और स्मार्ट अप्रोच भी जरूरी है. भले ही डेटिंग ऐप्स के जरिए नौकरी ढूंढना अजीब लगे, लेकिन बदलते जॉब मार्केट में लोग हर उस रास्ते को आजमा रहे हैं, जो उन्हें भीड़ से अलग पहचान दिला सके.
यह भी पढ़ें: Upcoming Smartphones 2026: नए साल में स्मार्टफोन बाजार में होगा धमाका, कई स्मार्टफोन्स की होगी एंट्री; देखें लिस्ट