T20 WC 2026: भारत से मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान, शहबाज सरकार का चौंकाने वाला फैसला

IND vs PAK: पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ किया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी.

Pakistan will not play matches with India in T20 World Cup 2026
Image Source: ANI/ File

IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती शुरू होते ही जिस मुकाबले का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उसी पर अब सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. 7 फरवरी से शुरू होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 15 फरवरी को कोलंबो में तय थी, लेकिन टूर्नामेंट से पहले ही एक ऐसा फैसला सामने आया है, जिसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. पाकिस्तान सरकार ने वर्ल्ड कप में खेलने की इजाजत तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है.

भारत-पाक महामुकाबले पर ब्रेक

पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए साफ किया है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी इस बयान ने क्रिकेट फैंस की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है. भारत-पाक मुकाबला हमेशा से टूर्नामेंट का सबसे हाई-वोल्टेज मैच माना जाता रहा है, लेकिन अब यह मुकाबला होता दिख नहीं रहा.

पहले से विवादों में रहा है T20 वर्ल्ड कप

दरअसल, यह टूर्नामेंट बीते एक महीने से लगातार विवादों में बना हुआ है. हाल ही में BCCI के कहने पर जब बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने अपने स्क्वॉड से रिलीज किया, तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड नाराज हो गया. इसके बाद BCB ने भारत दौरे से इनकार कर दिया और अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग रखी. ICC ने इस मांग को नहीं माना, जिसके चलते बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप से हटने का फैसला कर लिया.

बांग्लादेश के समर्थन में उतरा पाकिस्तान

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड खुलकर बांग्लादेश के समर्थन में नजर आया. पाकिस्तान ने भी बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराने की मांग का समर्थन किया था. अब पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले ने इस विवाद को और गहरा कर दिया है. एक के बाद एक टीमों के फैसलों से टूर्नामेंट की साख और शेड्यूल दोनों पर सवाल उठने लगे हैं.

ICC टूर्नामेंट में भी नहीं दिखेगा महामुकाबला

गौर करने वाली बात यह है कि भारत और पाकिस्तान पिछले कई सालों से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलते. दोनों टीमें सिर्फ ICC और ACC टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आती हैं. ऐसे में वर्ल्ड कप जैसे मंच पर इनका मुकाबला फैंस के लिए सबसे बड़ा आकर्षण होता है. लेकिन अब T20 वर्ल्ड कप 2026 में भी भारत-पाक मैच नहीं होगा, जिसने करोड़ों दर्शकों को निराश कर दिया है.

एक ही ग्रुप में होने के बावजूद अधर में मुकाबला 

दिलचस्प बात यह है कि भारत और पाकिस्तान दोनों को T20 वर्ल्ड कप 2026 के एक ही ग्रुप में रखा गया है. ऐसे में इस फैसले का असर न सिर्फ ग्रुप समीकरणों पर पड़ेगा, बल्कि टूर्नामेंट की प्लानिंग और ब्रॉडकास्ट वैल्यू पर भी साफ नजर आएगा. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ICC इस स्थिति से कैसे निपटता है और क्या आने वाले दिनों में इस फैसले पर कोई नया मोड़ आता है या नहीं. 

ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026: अल्कारेज ने नोवाक जोकोविच को हराकर रचा इतिहास, 87 साल पुराना रिकॉर्ड हुआ धवस्त