Taimoor cruise Missile Failed: पाकिस्तान वायुसेना (PAF) ने 3 जनवरी को स्वदेशी रूप से विकसित एयर-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल ‘तैमूर’ का सफल उड़ान परीक्षण करने का दावा किया है. इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने इस परीक्षण को पाकिस्तान की एयरोस्पेस और रक्षा क्षमताओं के लिए एक अहम उपलब्धि बताया है. सेना के अनुसार यह मिसाइल दुश्मन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किए बिना दूर तक स्थित लक्ष्यों पर सटीक हमला करने में सक्षम है.
हालांकि इस दावे के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और पोस्ट सामने आए, जिनमें यह आरोप लगाया गया कि मिसाइल ने परीक्षण के दौरान अपना लक्ष्य पूरी तरह हिट नहीं किया. इन दावों ने परीक्षण की सफलता को लेकर बहस छेड़ दी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान की ओर से किसी विफलता की पुष्टि नहीं की गई है.
#Pakistan 🇵🇰test-fired the Taimoor air-launched cruise missile…
— ARIKA🇮🇳🚩 (@nidhisj2001) January 3, 2026
Missile missed the target.
But hey, at least failure hit perfectly — just like Failed Marshal Asim Munir’s leadership 🎯😂 pic.twitter.com/w4uFtimCYM
तैमूर मिसाइल की तकनीकी क्षमता क्या है
तैमूर एक आधुनिक सबसॉनिक एयर-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल है, जिसे लड़ाकू विमान से दागा जाता है. इसकी घोषित रेंज लगभग 600 किलोमीटर तक बताई गई है, जिससे यह दुश्मन के इलाके में गहराई तक स्थित ठिकानों को निशाना बना सकती है. यह मिसाइल जमीन और समुद्र, दोनों तरह के लक्ष्यों पर उच्च सटीकता के साथ हमला करने के लिए डिजाइन की गई है.
मिसाइल में उन्नत नेविगेशन और गाइडेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें इनर्शियल नेविगेशन, जीपीएस, टेरेन रेफरेंसिंग और इमेजिंग इंफ्रारेड सीकर जैसी तकनीकें शामिल हैं. इसकी उड़ान प्रोफाइल बेहद कम ऊंचाई पर होती है, जिसे टेरेन हगिंग और सी-स्किमिंग कहा जाता है. इस वजह से इसे दुश्मन के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम के लिए पकड़ना मुश्किल हो जाता है.
तैमूर का वजन करीब 1200 किलोग्राम बताया जा रहा है और फिलहाल इसमें पारंपरिक विस्फोटक वारहेड लगाया गया है, हालांकि भविष्य में अन्य विकल्पों की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है. इस मिसाइल को ग्लोबल इंडस्ट्रियल एंड डिफेंस सॉल्यूशंस (GIDS) और एयर वेपंस कॉम्प्लेक्स ने मिलकर विकसित किया है. इसे पहली बार वर्ष 2022 में IDEAS रक्षा प्रदर्शनी में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया था.
स्टॉर्म शैडो और स्कैल्प जैसी मिसाइलों से तुलना
तैमूर मिसाइल को यूरोपीय स्टॉर्म शैडो और स्कैल्प क्रूज मिसाइलों की श्रेणी में रखा जा रहा है. भारत इन मिसाइलों का उपयोग अपने राफेल लड़ाकू विमानों पर करता है, जिन्हें फ्रांस की MBDA कंपनी ने विकसित किया है. स्कैल्प की रेंज भी लगभग 500 से 600 किलोमीटर के बीच है और यह भी कम ऊंचाई पर उड़ान भरते हुए स्टेल्थ तकनीक का इस्तेमाल करती है.
पाकिस्तान में तैमूर को भारत की इसी क्षमता का जवाब देने के तौर पर देखा जा रहा है. फर्क यह है कि पाकिस्तान ने इसे स्वदेशी रूप से विकसित करने का दावा किया है, जिससे लागत कम होने और तकनीकी आत्मनिर्भरता बढ़ने की बात कही जा रही है. तैमूर को JF-17, J-10CE और मिराज जैसे लड़ाकू विमानों पर एकीकृत किए जाने की योजना है.
परीक्षण को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया
तैमूर मिसाइल का यह परीक्षण वरिष्ठ वायुसेना अधिकारियों, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की मौजूदगी में किया गया. पाकिस्तान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्दू ने इस परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों और तकनीकी टीम की सराहना की और इसे राष्ट्रीय रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस परीक्षण पर संतोष जताते हुए वायुसेना को बधाई दी. सेना का कहना है कि यह मिसाइल पाकिस्तान की पारंपरिक युद्ध निरोधक क्षमता को मजबूत करेगी और वायुसेना को अधिक ऑपरेशनल लचीलापन प्रदान करेगी.
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
हालांकि आधिकारिक बयान में परीक्षण को पूरी तरह सफल बताया गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो इस दावे पर सवाल खड़े कर रहे हैं. इन वीडियो में मिसाइल को लक्ष्य से चूकते हुए दिखाने का दावा किया गया है. रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि बिना आधिकारिक डेटा और विश्लेषण के ऐसे वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
दक्षिण एशिया के रक्षा संतुलन पर असर
तैमूर मिसाइल का विकास ऐसे समय में हुआ है, जब दक्षिण एशिया में हथियार प्रणालियों की प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है. भारत भी ब्रह्मोस, प्रलय और अन्य लंबी दूरी की मिसाइल प्रणालियों पर काम कर रहा है. ऐसे में पाकिस्तान की यह नई क्रूज मिसाइल क्षेत्रीय सैन्य संतुलन को प्रभावित कर सकती है.
विशेषज्ञों का मानना है कि तैमूर जैसे हथियार पाकिस्तान को लंबी दूरी की सटीक हमले की क्षमता प्रदान करेंगे, जिससे भविष्य में रणनीतिक गणनाएं और अधिक जटिल हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें- वेनेजुएला पर हमला करके ट्रंप ने कर दी बड़ी गलती, अब चीन को ये करने से कैसे रोक पाएगा अमेरिक? जानें पूरा मामला