मॉस्को में जयशंकर-पुतिन की मुलाकात, कहा - BRICS समिट में स्वागत के लिए तैयार

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सोमवार (24 अगस्त 2026) को मॉस्को में मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली BRICS समिट में उनके स्वागत के लिए तैयार है.

jaishankar-putin-meeting-brics-india-russia-ties-2026
Image Source: ANI

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सोमवार (24 अगस्त 2026) को मॉस्को में मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली BRICS समिट में उनके स्वागत के लिए तैयार है. विदेश मंत्री ने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुभकामनाओं के साथ अपनी बात शुरू करना चाहता हूं. उन्होंने मुझे एक निजी संदेश दिया है जिसे मैं आपको सौंपना चाहता हूं. हमारी इंटरगवर्नमेंटल कमीशन की बैठक हुई. मुझे लगता है कि कुल मिलाकर हमारे पास आपको देने के लिए एक अच्छी रिपोर्ट है.' 

वहीं पुतिन ने किरगिझस्तान में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी से मिलने की इच्छा जताई. एस. जयशंकर के साथ बैठक के दौरान पुतिन ने कहा, 'मैं अपनी बातचीत की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी शुभकामनाएं भेजने के अनुरोध के साथ करना चाहता हूं.' उन्होंने किरगिझस्तान SCO शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के साथ फेस-टू-फेस मुलाकात की इच्छा जताई.

अमेरिकी दबाव के बीच भारत-रूस रिश्तों पर जोर

ये मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका रूस से तेल नहीं खरीदने को लेकर दबाव बनाता रहा है. वहीं भारत अपनी कूटनीतिक स्टैंड पर कायम है. राष्ट्रपति पुतिन ने भारत-रूस व्यापार में बढ़ोतरी का श्रेय पीएम मोदी को दिया. उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार में बढ़ोतरी पर कहा कि इसका मुख्य श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है. उन्होंने कहा, 'आपकी (जयशंकर) आज की यात्रा रूस और भारत के बीच दशकों से चले आ रहे रिश्तों की मजबूती को दर्शाती है.'

BRICS समिट में पुतिन के भारत आने की तैयारी

रूसी राष्ट्रपति पुतिन दिल्ली में 12-13 सितंबर को आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत आने वाले हैं. इससे पहले दिसंबर 2025 में पुतिन के पिछले भारत दौरे के दौरान दोनों देशों ने साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया था. तब से भारत और रूस के बीच व्यापार में भारी उछाल आया है और भारत अब रूसी तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार देश बन चुका है.

SCO में मोदी-पुतिन मुलाकात पर नजर

जयशंकर और पुतिन की बैठक के दौरान दोनों नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आगामी मुलाकात को लेकर भी संदेश दिया गया. पुतिन ने किरगिझस्तान में होने वाले SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी से फेस-टू-फेस मुलाकात की इच्छा जताई है. ऐसे में मॉस्को में हुई यह बातचीत भारत-रूस संबंधों के साथ-साथ आने वाले BRICS और SCO शिखर सम्मेलनों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें: 28 साल बाद खुली वंधामा नरसंहार की फाइल, 23 कश्मीरी पंडितों की हत्या की SIA करेगी जांच, जानें पूरी जानकारी