विदेश में छिपे गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा, मलेशिया से 3 आरोपी भारत लाए गए, अमित शाह ने की सराहना

Amit Shah On Gangster: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार, 24 अगस्त को बताया कि बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांटेड आरोपियों को मलेशिया से भारत वापस लाया गया है. भारतीय एजेंसियों की मदद से इन तीनों को मलेशिया से डिपोर्ट कराया गया और भारत पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

Noose tightens gangsters hiding abroad three accused brought to India from Malaysia Amit Shah
Image Source: Social Media

Amit Shah On Gangster: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार, 24 अगस्त को बताया कि बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांटेड आरोपियों को मलेशिया से भारत वापस लाया गया है. भारतीय एजेंसियों की मदद से इन तीनों को मलेशिया से डिपोर्ट कराया गया और भारत पहुंचने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

अमित शाह ने इस कार्रवाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित और मजबूत भारत के विजन से जोड़ते हुए भारतीय एजेंसियों की तारीफ की. गृह मंत्रालय के मुताबिक, 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है.

कौन हैं ये तीन आरोपी?

गृह मंत्रालय के मुताबिक, भारत लाए गए तीन आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह के रूप में हुई है. जसप्रीत सिंह को जस बेहबल के नाम से भी जाना जाता है. पंजाब पुलिस के अनुसार, तीनों को बंबीहा गैंग से जुड़ा बताया गया है. इनके खिलाफ हत्या, जबरन वसूली, विस्फोटक और लुधियाना में हैंड ग्रेनेड हमले की साजिश जैसे कई मामलों में केस दर्ज हैं.

दिल्ली एयरपोर्ट पर किया गया गिरफ्तार

मलेशिया से डिपोर्ट किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को नई दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए पंजाब ले जाया गया. पंजाब पुलिस की OFTEC टीम ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया.

2026 में 51 अपराधियों को वापस लाया गया

गृह मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय एजेंसियां विदेशों में छिपे अपराधियों को भारत वापस लाने के लिए लगातार काम कर रही हैं. मंत्रालय ने बताया कि 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों के प्रत्यर्पण या डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. इससे पहले गृह मंत्रालय ने बताया था कि 2019 से 2026 के बीच 36 देशों से 274 भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाया गया है.

ये भी पढ़ें- चीन में अजीत डोभाल तो रूस में जयशंकर... एक साथ एक्टिव हुए भारत के दो बड़े दिग्‍गज, क्या है प्लान?