मोदी-शी की फिर होगी मुलाकात? 7 साल बाद भारत आने की तैयारी में चीनी राष्ट्रपति, इस सम्मेलन में होंगे शामिल

Xi Jinping India Visit: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत का दौरा कर सकते हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शी सितंबर में दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आएंगे.

Modi Xi Chinese President preparing to visit India after 7 years attend BRICS summit
Image Source: ANI/ File

Xi Jinping India Visit: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग करीब 7 साल बाद भारत का दौरा कर सकते हैं. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शी सितंबर में दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत आएंगे. अगर उनका दौरा होता है तो इसे भारत और चीन के बीच रिश्तों में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत में होना है. शी जिनपिंग के दौरे को लेकर सम्मेलन से ज्यादा चर्चा उनके भारत आने की हो रही है. इस समय दोनों देशों के बीच बातचीत भी चल रही है. भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल चीन में हैं और वहां कई अहम मुद्दों पर बातचीत कर रहे हैं.

सूत्रों के मुताबिक, इस बार शी जिनपिंग के साथ करीब 400 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भारत आ सकता है. इससे पहले 2019 में उनकी भारत यात्रा के दौरान 200 से भी कम अधिकारी उनके साथ आए थे.

रिश्तों में सुधार का संकेत

भारत और चीन के रिश्तों में 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प के बाद काफी तनाव बढ़ गया था. दोनों देशों के बीच सीमा पर लंबे समय तक गतिरोध रहा. ऐसे में शी जिनपिंग का भारत दौरा रिश्तों को फिर से सामान्य करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के अधिकारी दिल्ली में होटल और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

मोदी-शी की मुलाकात में क्या होगा?

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच अलग से मुलाकात भी हो सकती है. इस बैठक में सीमा पर शांति बनाए रखने, एलएसी से जुड़े मुद्दों और दोनों देशों के बीच व्यापार को बेहतर बनाने पर चर्चा होने की संभावना है. भारत और चीन के बीच व्यापार में बड़ा अंतर भी लंबे समय से चिंता का विषय रहा है. ऐसे में दोनों नेता आर्थिक रिश्तों को संतुलित करने पर भी बात कर सकते हैं.

अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं

हालांकि शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर भारत और चीन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. लेकिन रॉयटर्स की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि चीनी राष्ट्रपति ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली आ सकते हैं. वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है. उनके दौरे को लेकर भारत में तैयारियां भी शुरू हो गई हैं.

ये भी पढ़ें- BPSC परीक्षा नियंत्रक के विवादित बयान पर एक्शन, सीएम सम्राट चौधरी ने किया सस्पेंड