Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने उनकी खराब होती सेहत को देखते हुए उन्हें जेल से प्राइवेट अस्पताल ले जाने का आदेश दिया है.
इमरान खान इस समय अदियाला जेल में बंद हैं. उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और परिवार काफी समय से मांग कर रहे थे कि बेहतर इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाए. उनकी हाल की मेडिकल रिपोर्ट को लेकर भी परिवार और पार्टी ने चिंता जताई थी.
48 घंटे के अंदर अस्पताल ले जाने का आदेश
PTI प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को 48 घंटे के अंदर शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में शिफ्ट करने का निर्देश दिया है. बताया गया है कि वह 16 सितंबर तक अस्पताल में रहेंगे. अदालत ने इमरान खान के परिवार को हर हफ्ते उनसे मिलने की अनुमति भी दी है. इसके अलावा उनकी सेहत की जांच के लिए एक मेडिकल बोर्ड बनाया जाएगा.
इस बोर्ड में PTI के नेता के निजी डॉक्टर के साथ उनकी बहन डॉ. उजमा खान को भी शामिल किया जाएगा. बोर्ड इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति की जांच करेगा और उनके इलाज को लेकर जरूरी सुझाव देगा.
मेडिकल रिपोर्ट मीडिया में शेयर न करने का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान के वकीलों और परिवार को उनकी मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने को कहा है. अदालत ने यह भी साफ किया है कि उनकी सेहत से जुड़े मामले को राजनीतिक मुद्दा न बनाया जाए.
2023 से जेल में बंद हैं इमरान खान
73 साल के इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं. उन्हें अलग-अलग मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है. हालांकि, इमरान खान और उनकी पार्टी लगातार इन मामलों को राजनीतिक कार्रवाई बताते रहे हैं. उनका कहना है कि 2022 में प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए.
इमरान खान की सेहत को लेकर पहले भी उठते रहे हैं सवाल
इमरान खान की सेहत को लेकर उनके परिवार और समर्थक लंबे समय से चिंता जताते रहे हैं. उनके बेटों ने भी कई बार उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं. उनके वकीलों का दावा है कि जेल में रहने के दौरान उनकी दाहिनी आंख की रोशनी काफी कमजोर हुई है. पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने भी इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट को लेकर चिंता जताई थी.
अल्वी ने सोशल मीडिया पर बताया था कि उन्होंने कुछ विशेषज्ञों के साथ इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट देखी है. उनके मुताबिक, रिपोर्ट में बेचैनी, तनाव, तेज धड़कन और हाई ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को लेकर चिंता सामने आई थी.
इमरान खान को मिलेगी राहत?
उन्होंने यह भी कहा कि इमरान खान को वह 35 साल से ज्यादा समय से जानते हैं और पहले तनाव उनके लिए बड़ी समस्या नहीं रहा. ऐसे में लंबे समय तक जेल में रहने और अकेले रखे जाने का उनकी सेहत पर असर पड़ने की आशंका है.
अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इमरान खान को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद है. अस्पताल में मेडिकल बोर्ड उनकी सेहत की जांच करेगा और आगे के इलाज को लेकर फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- तेजस्विन-विदित समेत 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, 3 कोचों को द्रोणाचार्य सम्मान, खेल पुरस्कारों का ऐलान