Akhtar Merchant Arrest: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी बताए जा रहे अख्तर मर्चेंट को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. वह पिछले करीब तीन साल से फरार था. पुलिस को 2023 में काशीमीरा इलाके में हुई बेकरी फायरिंग और रंगदारी के मामले में उसकी तलाश थी.
पुलिस के मुताबिक, इंटरपोल से मिली जानकारी के आधार पर अख्तर मर्चेंट पर नजर रखी जा रही थी. विदेश से भारत लौटते ही उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया. अब आरोपी को मीरा-भाईंदर लाया जाएगा, जहां उससे मामले को लेकर आगे पूछताछ की जाएगी.
2023 से पुलिस को थी तलाश
अख्तर मर्चेंट पर 2023 में काशीमीरा इलाके की एक बेकरी में फायरिंग करने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में वह मुख्य आरोपियों में शामिल था और घटना के बाद से फरार चल रहा था. इस मामले में एक अन्य आरोपी पप्पू पेजर को क्राइम ब्रांच ने पिछले साल गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस का कहना है कि अख्तर मर्चेंट और पप्पू पेजर इस मामले की साजिश में शामिल थे.
रंगदारी नहीं देने पर बेकरी में फायरिंग का आरोप
पुलिस की जांच के मुताबिक, मीरा रोड के काशीमीरा इलाके में रहने वाले एक गुटखा कारोबारी से रंगदारी मांगने के लिए फोन किया गया था. आरोप है कि रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर उसकी बेकरी पर फायरिंग की गई. इस मामले में काशीमीरा पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी. पुलिस ने मामले में हत्या की कोशिश, रंगदारी, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है. इसके अलावा मकोका के तहत भी कार्रवाई की गई है.
इंटरपोल की जानकारी से हुई गिरफ्तारी
मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस की क्राइम ब्रांच को इंटरपोल के जरिए अख्तर मर्चेंट के विदेश में होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस ने उसके भारत लौटने पर नजर रखनी शुरू कर दी. जैसे ही वह विदेश से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब अख्तर मर्चेंट को मीरा-भाईंदर ले जाकर उससे पूछताछ करेगी. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि वह इतने समय तक कहां रहा और इस दौरान किन लोगों के संपर्क में था.
ये भी पढ़ें- IOCL में नौकरी का शानदार मौका, 470 पदों पर निकली भर्ती, जानिए योग्यता और सिलेक्शन प्रोसेस