विदेश में पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए खुशखबरी, सरकार दे रही 100% स्कॉलरशिप, ऐसे करें आवेदन

विदेश की यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री या पीएचडी करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं.

Government offering scholarships for studying abroad National Overseas Scholarship
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

विदेश की यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री या पीएचडी करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है. सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. इस योजना के तहत योग्य छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद दी जाती है.

स्कॉलरशिप के जरिए ट्यूशन फीस, रहने-खाने का खर्च, हवाई यात्रा, मेडिकल इंश्योरेंस और पढ़ाई से जुड़े दूसरे जरूरी खर्चों में मदद मिलती है. यह योजना खास वर्गों के उन छात्रों के लिए है, जो विदेश जाकर मास्टर या पीएचडी की पढ़ाई करना चाहते हैं.

किन छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप?

नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप के लिए तय वर्गों और समुदायों के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. इनमें अनुसूचित जाति, डिनोटिफाइड, नोमेडिक और सेमी नोमेडिक ट्राइब्स, भूमिहीन कृषि मजदूर और पारंपरिक कारीगर परिवारों से आने वाले उम्मीदवार शामिल हैं.

हालांकि, केवल संबंधित वर्ग से होना ही काफी नहीं है. उम्मीदवार को योजना में तय शैक्षणिक योग्यता, उम्र, पारिवारिक आय और विदेशी यूनिवर्सिटी में दाखिले से जुड़ी दूसरी शर्तें भी पूरी करनी होंगी.

कितने प्रतिशत अंक जरूरी?

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के पास अपनी क्वालीफाइंग परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या उसके बराबर ग्रेड होना चाहिए.

मास्टर डिग्री के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के पास संबंधित विषय में जरूरी बैचलर डिग्री होनी चाहिए. वहीं पीएचडी के लिए आवेदन करने वालों के पास निर्धारित विषय में मास्टर डिग्री होना जरूरी है.

किन कोर्स के लिए मिलेगी मदद?

नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप के तहत विदेश में मास्टर डिग्री और पीएचडी की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है. इसके लिए उम्मीदवार के परिवार की सभी स्रोतों से सालाना आय 8 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.

इसके अलावा उम्मीदवार की उम्र और संबंधित कैटेगरी के हिसाब से दूसरी शर्तें भी लागू होती हैं.

किन खर्चों का मिलेगा पैसा?

इस योजना में चयनित छात्रों को विदेश में पढ़ाई के दौरान कई जरूरी खर्चों के लिए आर्थिक मदद दी जाती है. इसमें ट्यूशन फीस, रहने-खाने या मेंटेनेंस का खर्च, हवाई यात्रा, मेडिकल इंश्योरेंस, कंटीजेंसी और दूसरे स्वीकृत शैक्षणिक खर्च शामिल हैं.

कैसे करें आवेदन?

आवेदन करने के लिए सबसे पहले नेशनल ओवरसीज स्कॉलरशिप के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं. नए आवेदक के तौर पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद अपनी निजी, शैक्षणिक और पारिवारिक आय से जुड़ी जानकारी भरें.

इसके बाद विदेशी यूनिवर्सिटी और एडमिशन ऑफर से जुड़ी जानकारी दर्ज करें. मांगे गए प्रमाण पत्र और दूसरे जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. फॉर्म में भरी सभी जानकारी को अच्छी तरह जांचने के बाद उसे सबमिट कर दें.

आवेदन पूरा होने के बाद एक्नॉलेजमेंट डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें.

ये भी पढ़ें- ट्रंप के 50% टैरिफ पर भारत का सख्त रुख, अमेरिका के खिलाफ WTO में दर्ज कराई शिकायत, जानें पूरा मामला