हूतियों पर हमले की तैयारी में पाकिस्तान, ईरान को दी चेतावनी, मिडिल ईस्ट में छिड़ेगी नई जंग?

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं. इसके बाद पाकिस्तान ने ईरान से कहा है कि वह हूतियों पर अपना प्रभाव इस्तेमाल कर सऊदी अरब पर हो रहे हमलों को रोकने की कोशिश करे.

Pakistan prepares to attack Houthis Saudi Arabia Mecca Pact Warns Iran
Image Source: Social Media

Pakistan Warns Iran: यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ हमले तेज कर दिए हैं. इसके बाद पाकिस्तान ने ईरान से कहा है कि वह हूतियों पर अपना प्रभाव इस्तेमाल कर सऊदी अरब पर हो रहे हमलों को रोकने की कोशिश करे. रॉयटर्स ने सऊदी, पाकिस्तानी और ईरानी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. पाकिस्तान की यह चेतावनी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि उसने हाल ही में सऊदी अरब और तुर्की के साथ रक्षा समझौता किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान हूतियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की तैयारी पर भी विचार कर रहा है.

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि सऊदी अरब पर हमला होने की स्थिति में रियाद, अंकारा और इस्लामाबाद के बीच संयुक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू हो सकती है. एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में आसिफ ने कहा कि मक्का समझौते में शामिल किसी एक देश पर हमला, तीनों देशों पर हमला माना जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि इसमें किसी तरह का संदेह नहीं है. अगर बिना उकसावे के हमला होता है या सऊदी अरब तक हमले फैलते हैं, तो समझौता लागू किया जा सकता है.

ईरान को पाकिस्तान का साफ संदेश

रॉयटर्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने ईरान को साफ संदेश दिया है कि वह हूती विद्रोहियों को सऊदी अरब पर हमले करने से रोकने के लिए कदम उठाए. पाकिस्तान को डर है कि हूतियों और सऊदी अरब के बीच चल रहा तनाव आगे बढ़कर पूरे क्षेत्र के लिए बड़ा सुरक्षा संकट बन सकता है. वहीं, तुर्की के न्यूज आउटलेट तुर्की टुडे ने पाकिस्तानी सूत्रों के हवाले से बताया है कि पाकिस्तान यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है.

हूतियों के खिलाफ हवाई हमले की तैयारी

रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के अनुरोध पर पाकिस्तान यमन में हूती ठिकानों पर हवाई हमले कर सकता है. एक पाकिस्तानी सूत्र ने तुर्की टुडे को बताया कि ये हमले जल्द शुरू हो सकते हैं और कार्रवाई के बाद इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. सूत्र के मुताबिक, पाकिस्तान की सैन्य कार्रवाई का एक प्रमुख लक्ष्य सादाह और दूसरे इलाकों से हूतियों को पीछे हटाना हो सकता है. हालांकि, अभी तक यमन में हूतियों पर हमला करने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

हूतियों ने सऊदी अरब पर बढ़ाए हमले

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब हूतियों और सऊदी अरब के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को सऊदी अरब के कई शहरों और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया. इनमें अभा, जाजान, नज्रान और खमीस मुशैत शामिल हैं. इन हमलों में 73 लोग घायल हुए और अहम ऊर्जा ढांचे का काम भी प्रभावित हुआ.

ये भी पढ़ें- जेलेंस्की के विमान से टकराने वाला था रूसी ड्रोन, प्लेन में पत्नी भी थीं सवार, फिर कैसे बची जान?