Gandhinagar Slab Collapse: गुजरात की राजधानी गांधीनगर में बुधवार रात निर्माणाधीन इमारत में अचानक स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया. कुडासन इलाके के पास हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 15 मजदूर मलबे में फंस गए. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया. अब तक चार लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका है.
चार लोगों को सुरक्षित निकाला, रेस्क्यू जारी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. राहतकर्मी भारी मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. प्रशासन को आशंका है कि अभी कुछ और लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. बचाव दल बेहद सावधानी से अभियान चला रहा है, ताकि फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. हादसे की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया.
क्रेन गिरने के बाद स्लैब ढहने की आशंका
शुरुआती जांच में निर्माण स्थल पर क्रेन गिरने की बात सामने आई है. आशंका जताई जा रही है कि क्रेन के गिरने के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा दबाव में आया और स्लैब अचानक ढह गया. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वहां वेल्डिंग का काम भी चल रहा था. हालांकि, फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है.
मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी टीमें
स्लैब गिरने के बाद मलबे में दबे मजदूरों को निकालना रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों का पता लगाने में जुटे हैं. चार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है, जबकि बाकी संभावित लोगों की तलाश जारी है. प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे सभी लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, बस ने दो बाइकों को मारी जोरदार टक्कर, पांच लोगों की मौत