Kal Ka Mausam: 10 सितंबर को बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली समेत 25 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Kal Ka Mausam 10 September: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है.

weather-rain-alert-10-september-2026-25-states-imd
Image Source: Social Media

Kal Ka Mausam 10 September: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है, जबकि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 10 सितंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के दैनिक बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल समेत देशभर के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 34 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं 11 से 14 सितंबर के बीच भी राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है.

यूपी-बिहार में बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 10 सितंबर को कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. बिहार में भी पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश आगे भी जारी रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं.

राजस्थान में कमजोर पड़ा मानसून

राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने से बारिश में कमी आई है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में अगले चार दिन तथा पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले पांच दिन कमजोर मानसून की स्थिति रहने की संभावना है. हालांकि बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास 11 सितंबर को नया निम्न दबाव क्षेत्र बन सकता है. इसके असर से पूर्वी राजस्थान में 12 सितंबर से हल्की से मध्यम बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है.

ओडिशा-छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश की संभावना

10 सितंबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, अंडमान-निकोबार, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वोत्तर के कई राज्यों, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.

कई राज्यों में जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुमान से साफ है कि 10 सितंबर को देश के बड़े हिस्से में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. एक तरफ कई राज्यों में भारी और बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, वहीं कुछ इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है. मानसून की विदाई के बीच बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसमी सिस्टम के कारण आने वाले दिनों में भी कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें: देश के सात हाई-डेंसिटी कॉरिडोर होंगे फोर-ट्रैक, मोदी कैबिनेट ने दी मंजूरी, जानें पूरी जानकारी