महिला वर्ल्ड कप 2025 में सना मीर ने कश्मीर पर की टिप्पणी, सोशल मीडिया पर मचा घमासान

महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के दौरान एक बयान ने ऐसा तूल पकड़ा कि सोशल मीडिया पर बवाल मच गया. मामला जुड़ा है पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और मौजूदा कमेंटेटर सना मीर से, जिन्होंने एक मैच के दौरान 'आज़ाद कश्मीर' शब्द का इस्तेमाल किया.

Pakistan commentator and former captain women world cup remark on kashmir sparks outrage
Image Source: Social Media

महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के दौरान एक बयान ने ऐसा तूल पकड़ा कि सोशल मीडिया पर बवाल मच गया. मामला जुड़ा है पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और मौजूदा कमेंटेटर सना मीर से, जिन्होंने एक मैच के दौरान 'आज़ाद कश्मीर' शब्द का इस्तेमाल किया. इसके बाद से भारत में कई लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई और सना मीर को कमेंट्री पैनल से हटाने की मांग तेज़ कर दी.


भारत में आयोजित इस वर्ल्ड कप के दौरान, पाकिस्तान और बांग्लादेश की महिला टीमों के बीच मुकाबला श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जा रहा था. मैच के दौरान कमेंट्री कर रहीं सना मीर ने पाकिस्तानी क्रिकेटर नतालिया परवेज का परिचय कराते हुए कहा कि वह “कश्मीर... आज़ाद कश्मीर” से आती हैं और उन्हें ज़्यादातर क्रिकेट खेलने के लिए लाहौर आना पड़ता है. यही शब्द “आज़ाद कश्मीर” विवाद का कारण बन गया.

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया

सना मीर की टिप्पणी सामने आने के बाद भारतीय यूज़र्स ने इसे लेकर नाराज़गी ज़ाहिर की और इसे “राजनीतिक एजेंडा” करार दिया. कई यूज़र्स ने कहा कि यह सिर्फ जुबान फिसलने की बात नहीं थी, बल्कि उन्होंने पहले “कश्मीर” कहा, फिर खुद को सुधारते हुए “आज़ाद कश्मीर” कहा, जो एक सोच का हिस्सा लगता है. एक यूज़र ने लिखा, “कृपया सना मीर को कमेंट्री पैनल से हटाया जाए. यह कोई मासूम गलती नहीं थी.” वहीं एक अन्य ने कहा, “आईसीसी और बीसीसीआई को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए. क्या खेलों में इस तरह की राजनीतिक टिप्पणियों की इजाज़त है?”

भारत की स्थिति स्पष्ट

भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) उसका अभिन्न हिस्सा हैं. भारत की संसद ने इसको लेकर प्रस्ताव भी पारित कर रखा है. भारत सरकार ने बार-बार पाकिस्तान से पीओके से अपनी सेना और प्रशासनिक ढांचे को हटाने की मांग की है और इसे अवैध कब्जा माना है. ऐसे में "आज़ाद कश्मीर" जैसे शब्दों का इस्तेमाल भारतीय नागरिकों को अस्वीकार्य है.

सफाई में क्या बोलीं सना मीर?

विवाद बढ़ता देख सना मीर को सोशल मीडिया पर सफाई देनी पड़ी. उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है और इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए.सना मीर ने लिखा, “एक खिलाड़ी के होमटाउन का ज़िक्र करते हुए मेरा उद्देश्य केवल उसकी पृष्ठभूमि और संघर्ष को उजागर करना था. मैंने अन्य खिलाड़ियों के लिए भी यही तरीका अपनाया था. कृपया इसे किसी राजनीतिक चश्मे से न देखा जाए.” साथ ही उन्होंने एक स्क्रीनशॉट भी साझा किया जिसमें बताया गया कि जिस वेबसाइट से उन्होंने खिलाड़ियों की जानकारी ली, वहां नतालिया परवेज का मूल स्थान “Azad Kashmir” ही लिखा गया था. उन्होंने कहा कि अब यह बदल दिया गया है, लेकिन जब उन्होंने कमेंट्री की, उस समय वही जानकारी उनके पास थी.

यह भी पढ़ें: एशिया कप में एक मैच के लिए सूर्य कुमार यादव को मिली जबरदस्त फीस, रकम जानकर उड़ जाएंगे तोते