काबुल: अफगानिस्तान में पाकिस्तान की ओर से एक और हवाई हमले का दावा किया गया है. तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी विमानों ने काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका सहित कई इलाकों में बमबारी की.
अफगानिस्तान के स्थानीय मीडिया टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार इन हमलों में कम से कम 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं. तालिबान प्रशासन का कहना है कि कुछ हमले आबादी वाले इलाकों में हुए, जहां आम नागरिक रहते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों के हताहत होने की खबर है.
आबादी वाले इलाकों को बनाया निशाना
तालिबान प्रवक्ता के मुताबिक पाकिस्तानी विमानों ने कई जगहों पर लगातार हमले किए. उनका कहना है कि कुछ बमबारी ऐसे इलाकों में हुई जहां लोगों के घर हैं, जिससे कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए.
हालांकि कुछ हमले खाली इलाकों में भी किए जाने की बात कही गई है. अभी तक पाकिस्तान की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
हमले पर तालिबान की कड़ी प्रतिक्रिया
तालिबान प्रशासन ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है. उनका कहना है कि रमजान के आखिरी दिनों और ईद से पहले इस तरह का हमला मानवता और नैतिक मूल्यों के खिलाफ है.
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने चेतावनी देते हुए कहा कि अफगानिस्तान इस कार्रवाई को नजरअंदाज नहीं करेगा और इसका जवाब दिया जाएगा. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि जवाब किस रूप में दिया जाएगा.
कंधार में ईंधन डिपो पर भी हमला
तालिबान का आरोप है कि हमलों के दौरान कंधार अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन काम एयर के ईंधन भंडार को भी निशाना बनाया गया.
हमले के बाद वहां आग लग गई. बताया जा रहा है कि यह ईंधन डिपो नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमानों को भी ईंधन उपलब्ध कराता है.
इसके अलावा कंधार में एक निजी कारोबारी हाजी खान जादा के ईंधन डिपो को भी निशाना बनाए जाने का भी दावा किया गया है.
ये भी पढ़ें- Strait of Hormuz: होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय झंडे वाले कितने जहाज फंसे, वहां से कैसे निकालेगी सरकार?